
Madhya Pradesh: LOC पर सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगी भोपाल की सोनाली मिश्रा
Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश कैडर की 1993 बैच की भारतीय पुलिस सेवा (IPS) की अधिकारी सोनाली मिश्रा जालंधर स्थित सीमा सुरक्षा बल (BSF) पंजाब फ्रंटियर की नई IG होंगी।
मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) से ऐसी जिम्मेदारी का निर्वाह करने वाली वह देश की पहली महिला अधिकारी होंगी। सोनाली मिश्रा अभी दिल्ली स्थित BSF मुख्यालय में ‘जी शाखा’ के रूप में जानी जाने वाली खुफिया शाखा का नेतृत्व कर रही हैं।
सोनाली मिश्रा BSF में ही कश्मीर घाटी में बतौर IG सेवाएं दे चुकी हैं। BSF वहां आपरेशनल कमांड के तहत पाकिस्तान के साथ नियंत्रण रेखा (LOC) की रक्षा करती है। अनुमान लगाया जा रहा है कि सोनाली का यह अनुभव पंजाब में सीमा पार से होने वाली हेरोइन की तस्करी व घुसपैठ रोकने में मदद करेगा।
वह पाकिस्तान सीमा से तस्करी व घुसपैठ से भलीभांति परिचित हैं। पाकिस्तान के साथ पंजाब की 553 किलोमीटर लंबी सीमा लगती है। यहां पर हेरोइन की तस्करी व घुसपैठ रोकना एक बड़ा काम है।
G Branch के इनपुट के आधार पर पंजाब सीमा पर भी BSF कई आपरेशन कर चुकी है। हालांकि सीमा पर कंटीला तार लगाया गया है, लेकिन दरिया व नालों के क्षेत्र में इसे लगा पाना संभव नहीं है।
सोनाली मिश्रा का जन्म भोपाल में हुआ था। वह रायसेन में पुलिस अधीक्षक, जबलपुर में DIG रहीं और पुलिस मुख्यालय में आइजी इंटेलीजेंस के पद पर भी काम किया। इसके बाद उनकी सेवा का अधिकांश समय केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के तौर पर रहा। इसके बाद वह BSF मुख्यालय, दिल्ली और कश्मीर में भी तैनात रहीं।
यह भी पढ़ें: Madhya Pradesh: मुस्लिम युवक से शादी के 4 साल बाद युवती की संदिग्ध मौत