लखनऊ : 39 दिन बाद आज से फिर शहर में दौड़ेगी मेट्रो
लखनऊ में बुधवार से कर्फ्यू हटने पर 39 दिन बाद मेट्रो भी फिर से शुरू हो जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक नाइट कर्फ्यू के चलते अभी सुबह सात से शाम सात बजे तक ही सुविधा मिलेगी। कोविड नियमों के तहत ट्रेनें चलेंगी।
यह भी पढ़ें : कानपुर: सचेंडी हाईवे पर भीषण हादसे में 17 की गई जान, रातों रात हुए सभी के पोस्टमार्टम
सुबह सात बजे पहली और शाम सात बजे आखिरी ट्रेन एयरपोर्ट और मुंशीपुलिया दोनों ही अंतिम स्टेशनों से चलेगी। लखनऊ में कोरोना के केस बढ़ने के बाद एक मई से मेट्रो बंद थी। कर्फ्यू हटने का आदेश मिलते ही मेट्रो ने ट्रेनों और स्टेशनों का सैनिटाइजेशन सोमवार को शुरू करा दिया।
वीकेंड में बंद रहेगा संचालन
मेट्रो प्रवक्ता के अनुसार जिला प्रशासन के आदेश के अनुपालन में ट्रेनों का संचालन शनिवार, रविवार को बंद रहेगा। जिला प्रशासन ने वीकेंड लॉकडाउन अभी खत्म नहीं किया है। ऐसे में मेट्रो की सेवाएं भी सप्ताह में पांच दिन ही सोमवार से शुक्रवार के बीच मिलेंगी।
वहीं कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र के किसान नगर में मंगलवार रात उल्टी दिशा से आ रहे टेंपो और डबल डेकर बस की टक्कर में 17 लोगों की मौत हो गई। मरने वाले सभी टेंपो सवार हैं। वहीं हादसे में करीब 20 फीट नीचे गिरी बस के आठ और चार यात्री टेंपो के भी घायल हुए हैं। इनमें दो की हालत गंभीर है। सभी घायलों को हैलट में भर्ती कराया गया।
सड़क हादसे में मारे गए सभी 17 लोगों का पोस्टमार्टम रात को 2:00 बजे शुरू हुआ था जो सुबह 6:00 बजे खत्म हो गया। इसके बाद सभी का अंतिम संस्कार कर दिया गया। कल्पना ट्रैवल्स की डबल डेकर बस मंगलवार रात करीब आठ बजे फजलगंज से अहमदाबाद के लिए निकली थी। बस में करीब 100 यात्री थे।