
आगरा: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और रालोद के मुखिया जयंत चौधरी आज आगरा आएंगे। सपा-रालोद गठबंधन के दोनों नेता छह विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क करने के साथ अपने प्रत्याशियों के समर्थन में छोटी सभाओं को संबोधित करेंगे। अखिलेश और जयंत के आगमन को लेकर सपा और रालोद नेता तैयारियों में जुटे हैं।
अखिलेश और जयंत जनसंपर्क से पहले ताज कन्वेंशन में संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता करेंगे। इसके बाद जनसंपर्क की शुरुआत करेंगे। सबसे पहले वह फतेहाबाद विधानसभा में सभा करेंगे। इसके बाद जेपी ग्रीन्स मैदान पर आगरा छावनी, उत्तरी और दक्षिणी विधानसभा क्षेत्रों से प्रत्याशियों के लिए वोट मांगेंगे। इसके बाद आगरा ग्रामीण और खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में भी जनसंपर्क करेंगे।
आगरा जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों पर पहले चरण में 10 फरवरी को मतदाना होना है। गठबंधन से सपा ने छह और रालोद ने तीन विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। इनमें आगरा छावनी, दक्षिणी, उत्तरी, फतेहाबाद, बाह और एत्मादपुर से सपा प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। आगरा ग्रामीम, फतेहपुर सीकरी और खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र से रालोद के प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।