
UP Election 2022: कांग्रेस को झटका ! BJP में शामिल हुईं एक और पोस्टर गर्ल
'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' अभियान की एक और पोस्टर गर्ल वंदना सिंह ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया
लखनऊ: उत्तर विधानसभा चुनाव 2022 से पहले कांग्रेस पार्टी को एक तगड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ अभियान की एक और पोस्टर गर्ल वंदना सिंह ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। आपको बता दें कि वंदना सिंह यूपी महिला कांग्रेस के मध्य जोन की उपाध्यक्ष के पद पर जिम्मेदारी संभाल रही थीं। ऐसे में उनका जाना पार्टी के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है। बुधवार को उन्होंने भाजपा कार्यालय में उपस्थित होकर बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। उनसे पहले कांग्रेस की एक और पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्य भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गईं थीं।
वंदना सिंह के कांग्रेस छोड़ने की वजह
कांग्रेस छोड़ने के बाद मीडिया से बातचीत में वंदना सिंह ने कहा, मैं पांच सालों से कांग्रेस की सक्रिय कार्यकर्ता और पदाधिकारी रही हूं। दो विधानसभा सीटों से मैंने टिकट मांगा था, लेकिन पार्टी में कर्मठ और ईमानदार कार्यकर्ताओं की अनदेखी होती है। उन्हें प्रियंका गांधी से मिलने का मौका तक नहीं मिलता है, जिससे आहत होकर मैं कांग्रेस पार्टी से अपना इस्तीफा दे रही हूं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कल के आए लोगों को मान सम्मान दिया जा रहा है, जबकि अपनी ही पार्टी के लोगों को और उनकी मेहनत को अनदेखा किया जा रहा है।