
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 की वोटिंग आगे बढ़ती जा रही है, रुझान और दिलचस्प होते जा रहे हैं। यूपी विधानसभा चुनाव के नतीजे आने से पहले रुझान आ रहे हैं। 403 में से कुल 402 सीट के रुझान में बीजेपी 267, समाजवादी पार्टी 124, बसपा पांच और कांग्रेस को तीन सीट पर बढ़त मिली है। अन्य दल तीन सीट पर आगे चल रहे हैं।
लखनऊ की कुल 9 विधानसभा सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। कैंट से बीजेपी प्रत्याशी ब्रजेश पाठक आगे चल रहे हैं। रुझानों के आते ही बीजेपी दफ्तर के बाहर कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाते हुए नारेबाजी की। वहीं, सपा कार्यालय में शायरी के साथ रंगारंग चौपाल लगी है। यहां कार्यकर्ता गुलाल और मिठाइयां लेकर आते दिखे। यहां सपा-भाजपा समर्थकों के बीच नारेबाजी भी हुई है।
लखनऊ कैंट से भाजपा प्रत्याशी ब्रजेश पाठक आगे हैं। लखनऊ मध्य से बीजेपी प्रत्याशी रजनीश गुप्ता आगे चल रहे हैं। लखनऊ पश्चिम से भाजपा प्रत्याशी अंजनी श्रीवास्तव आगे हैं। बख्शी का तालाब सीट से बीजेपी प्रत्याशी योगेश शुक्ला आगे हैं। लखनऊ पूर्वी से बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष टंडन आगे चल रहे हैं। इसके अलावा मलिहाबाद से भाजपा प्रत्याशी जय देवी आगे हैं। मोहनलालगंज सीट से सपा प्रत्याशी सुशीला सरोज से आगे हैं। लखनऊ उत्तरी से सपा की पूजा शुक्ला से आगे चल रही हैं। सरोजिनीनगर से भाजपा प्रत्याशी राजेश्वर सिंह आगे हैं।