
जन्मदिन पार्टी के दौरान बड़ा हादसा,डीजे की धमक से गिरी छत, 3 की मौत
जन्मदिन पार्टी के लिए सोनू वर्मा का मकान एक रात के लिए लिया गया था। रात साढ़े 8 बजे दो मंजिला मकान की छत पर पार्टी शुरू हुई। इसमें अनिकेत व उसके दोस्त थे। सभी DJ लगाकर डांस कर रहे थे। करीब साढ़े नौ बजे अचानक भरभरा कर गर्डर की छत ढह गई।
आगरा : यूपी के आगरा जिले में सोमवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। ताजगंज के धांधूपुरा गांव के RP नगर में जन्मदिन पार्टी की खुशी मातम में बदल गई। DJ पर डांस करने के दौरान मकान की छत ढह गई। आसपास के लोगों ने मलबा हटाकर दबे लोगों को किसी तरह बाहर निकाला। हादसे में तीन लोगों की मृत्यु हो गई। हादसे के वक्त छत पर करीब 80 से ज्यादा लोग घर में मौजूद थे।
पूरी घटना सोमवार रात करीब साढ़े 9 बजे की है। गांव के RP नगर निवासी सर्राफ गजेंद्र हरि वर्मा के परिचित अनिकेत चौधरी का जन्मदिन था। उसने जन्मदिन पार्टी के लिए सोनू वर्मा का मकान एक रात के लिए लिया था। रात साढ़े 8 बजे दो मंजिला मकान की छत पर पार्टी शुरू हुई। इसमें अनिकेत व उसके दोस्त थे। सभी DJ लगाकर डांस कर रहे थे। करीब साढ़े नौ बजे अचानक भरभरा कर गर्डर की छत ढह गई। उसके मलबे से निचली मंजिल की छत भी गिर गई। कोई 15 युवक भी मलबे के साथ नीचे आ गए।
छत गिरने की आवाज से आसपास के लोग जमा हो गए, उन्होंने आनन-फानन में मलबा हटाकर दबे लोगों को बाहर निकाला। सभी को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। देर रात अरुण निवासी नगला टीन व मनजीत निवासी ग्राम धांधूपुरा व एक अज्ञात की मौत हो गई, 1 की हालत गंभीर बनी हुई है। DM प्रभु एन सिंह, SSP मुनिराज समेत अन्य अधिकारी और दमकल वाहन पहुंच मौके पर पहुंच गए। उन्होंने राहत कार्यों का जायजा लिया। देर रात लखनऊ से SDRF की टीम भी आगरा पहुंच गई है।
जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि हादसे में युवकों की मृत्यु हुई है। 12 अभी घायल हैं। एक युवक के शव की पहचान नहीं हो सकी है। घायलों से 5 का उपाध्याय हास्पिटल में इलाज चल रहा है। अन्य सभी घायल डिस्चार्ज हो गए हैं। मृतकों के स्वजन व घायलों को आर्थिक सहायता देने के लिए जिले प्रशासन को रिपोर्ट भेजी गई हैं।