
अयोध्या जाएंगी राष्ट्रीय महामंत्री डी पुरंदेश्वरी, बोलीं- जो चुनौती को अवसर में बदलता है, वही असली नेता होता है
मंगलवार को भाजपा कार्यालय में राष्ट्रीय महामंत्री डी पुरंदेश्वरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया।
- डी पुरंदेश्वरी ने की योगी सरकार की तारीफ, विपक्षी दलों पर साधा निशाना
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी निकाय चुनाव को लेकर पूरी सक्रियता से काम कर रही है। सोमवार को बीजेपी की राष्ट्रीय महामंत्री डी पुरंदेश्वरी, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने लखनऊ महानगर के प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित किया और पार्टी व संगठन को मजबूत करने के मंत्र दिए। वहीं, मंगलवार को भाजपा कार्यालय में राष्ट्रीय महामंत्री डी पुरंदेश्वरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया।
कल अयोध्या जाएंगी डी पुरंदेश्वरी
डी पुरंदेश्वरी ने कहा कि राष्ट्रीय महामंत्रियों को हर तीन महीने में दो राज्यों के प्रवास पर जाना होता है और वहां की राजनीतिक परिस्थिति को भी हम लोग देखते हैं। इस जिम्मेदारी को लेकर मैं कल यहां आई हूं और तीन दिन तक यहां रहूंगी। सभी भी संगठन के सर्किल नेता के साथ हमारी बैठक हुई और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी हमारी मुलाकात हुई है। आज चुने हुए जनप्रतिनिधियों के साथ हमारी बैठक हुई और कल मैं अयोध्या में रहूंगी। वहां पर भगवान श्रीराम के दर्शन भी करूंगी। इसके बाद यूपी में सरकार और संगठन के काम की रिपोर्ट शीर्ष नेतृत्व को दूंगी।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा चलाया गया, जिसका अच्छा परिणाम रहा। भाजपा सेवा को मानती है और अंत्योदय तक विकास पहुंचाना ही हमारा लक्ष्य है। वर्ष 2014 या वर्ष 2019 का चुनाव हो, सभी में ‘सबका साथ-सबका विकास’ का नारा रहा है और केंद्र की सभी योजनाओं का लाभ गरीबों को मिला है। कहा कि कोरोना काल में सभी की सेवा करने में भाजपा आगे रही और कार्यकर्त्ता आगे आए। कोरोना के दौरान प्रधानमंत्री ने सभी चुनौतियों का सामना किया। आज हम टीकाकरण में आगे हैं और कई देशों की मदद भी कर रहे हैं। 100 देशों में आज टीका पंहुचा रहे हैं।
UP: दिवाली पर डॉक्टर्स और मेडिकल-पैरामेडिकल स्टाफ की छुट्टियां रद्द, नहीं मिलेगा अवकाश
गरीबों को केंद्र बनाकर लाई गई हर योजना
राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि भाजपा में परिवारवाद और भ्रष्टाचार नहीं है। भाजपा सरकार निर्णय लेने वाली सरकार है। उन्होंने कहा कि हमेशा ऐसा होता है कि राजनीति में जब किसी नेता का जन्म दिवस होता है तो सब उसको बड़े ढंग से मनाते हैं और पटाखे फोड़ते हैं। लेकिन, अखिल भारतीय जनता पार्टी ऐसी पार्टी है, जो सेवा को मानती है। भारतीय जनता पार्टी का मूल उद्देश्य अंत्योदय है। अगर हम नजर डालें तो हम यही समझेंगे कि देश के गरीब को एक केंद्र बिंदु बनाते हुए हर एक योजना को बनाया गया है। जन धन योजना हो, उज्वला योजना हो, जीवन ज्योति योजना हो, जीवन सुरक्षा योजना हो, मातृ पितृ वंदन योजना हो, किसान सम्मान निधि और पर्सनल बीमा योजना हो, प्रधानमंत्री किसान सिंचाई योजना हो, अटल पेंशन योजना हो, यह सभी योजनाएं देश के गरीब को विकास पहुंचाने वाली ही हैं, क्योंकि, हमारी पार्टी सेवा में विश्वास रखती है।
चुनौती को पीएम मोदी ने अवसर में बदला
विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए डी पुरंदेश्वरी ने कहा कि कोरोना काल में हर एक राजनीतिक दल ऐसे थे कि सभी आईसीयू में पड़े हुए थे। भारतीय जनता पार्टी इकलौती ऐसी पार्टी है, जिसके सभी लोगों ने बाहर आकर लोगों की सेवा की, मास्क वितरण किए, खाना पहुंचाने का काम किया, उनको दवा पहुंचाने का काम किया और उनको अस्पताल ले जाने का काम किया। नेता वही होता है तो सामने आई हुई चुनौती को अवसर में बदले। हमारे प्रधानमंत्री जी ने कोरोना नाम की चुनौती को अवसर में बदल दिया। आज जब हर चीज की कमी थी भारत देश में तो उसको आज हम पूरी करके एक्सपोर्ट भी करने का काम किया जा रहे हैं। भारत, दुनिया के 100 देशों में वैक्सीन भे जा रहा है।
भाजपा में भ्रष्टाचार नहीं, इसका परिणाम है सत्ता में वापसी
राष्ट्रीय महामंत्री डी पुरंदेश्वरी ने कहा कि हमारे पास परिवारवाद नहीं है, भ्रष्टाचार का नामोनिशान नहीं है। कोई भी नहीं कह सकता कि आठ साल के प्रशासन में ऐसा कोई भ्रष्टाचार हो, जिसमें नरेंद्र मोदी जी और उनके लोग लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि दृढ़ता से नेतृत्व लेने की बात हमने की है। सर्जिकल स्ट्राइक की बात हो या फिर धारा 370 से कश्मीर को मुक्त करके हमने दिखाया। भाजपा उत्तर प्रदेश में भी इस बार दोबारा सत्ता में वापस आई है, उसका कारण है कि भ्रष्टाचार नहीं हो रहा है। उत्तर प्रदेश में विकास लगातार हो रहा है और इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर भी प्रदेश विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि यूपी में लोगों में कानून व्यवस्था भी एक मिसाल बन रही है। पहले शाम छह बजे के बाद बाहर जाने से महिलाएं डरती थीं, लेकिन अब महिलाएं ज्यादा सुरक्षित महसूस कर रही हैं।