
Himachal : विजय संकल्प रैली में पीएम ने भरी हुंकार, कहा- कांग्रेस ने रक्षा क्षेत्र में किया था पहला घोटाला
सुंदरनगर : हिमाचल के सुंदरनगर के जवाहर पार्क में विजय संकल्प रैली में पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी ने जनता को संबोधित किया। इस दौरान पीएम ने बीजेपी सरकार की खूबियां गिनाई। अपने संबोधन में हाटेश्वरी माता, शीतला माता, शिकारी माता का जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि, देवभूमि के सभी देवी-देवताओं को प्रणाम करता हूं। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि, अगर हिमाचल के लोगों ने भाजपा को सेवा का मौका नहीं दिया होता तो आज 9 लाख घरों में नल से जल नहीं पहुंचता, उज्ज्वला का सिलेंडर नहीं पहुंचता।
आयुष्मान योजना और हिमकेयर योजना के तहत लोगों को मुफ्त इलाज नहीं मिलता। गरीबों को मुफ्त में राशन मुहैया नहीं होता। पीएम मोदी ने कहा कि, आज भारत आत्मनिर्भर होने का अभियान चला रहा है। अपने हथियार खुद बनाने पर जोर दे रहा है।
कांग्रेस देश की रक्षा की ही नहीं, बल्कि देश के विकास की भी हमेशा विरोधी रही है। बीते दो-ढाई साल में दुनिया की इतनी बड़ी महामारी से हिमाचल के लोगों ने मुकाबला किया है।
ये भी पढ़े :- फुटबॉलर लियोनेल मेसी बने BYJU’S के पहले ब्रांड एंबेसडर , जानिए क्या आगे की योजनाएं
भाजपा की सरकार में हिमाचल ने देश में सबसे पहले शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल किया। आजादी के बाद देश का पहला घोटाला कांग्रेस ने रक्षा क्षेत्र में ही किया था। तब से कांग्रेस की सरकार जब तक रही, तब तक रक्षा सौदों में जमकर दलाली खायी। हथियारों में दलाली खाकर कांग्रेस ने कितनी ही माताओं-बहनों से खिलवाड़ किया है। कांग्रेस कभी नहीं चाहती थी कि देश रक्षा साजो-सामान के मामले में आत्मनिर्भर बने।