TrendingUttar Pradesh

देवरिया: पुरानी रंजिश में छह लोगों की नृशंस हत्‍या, सीएम योगी बोले- नहीं बख्‍शेंगे जाएंगे दोषी  

जमीनी विवाद को लेकर हुई पुरानी रंजिश में पूर्व जिला पंचायत सदस्य सहित छह लोगों की हत्या

देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में सोमवार (2 अक्‍टूबर) को खूनी संघर्ष हुआ, जिसमें दो बच्‍चों सहित छह लोगों की मौत हो गई है। रुद्रपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर पुरानी रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया गया। मृतकों में पांच लोग एक ही परिवार के हैं, जबकि एक शख्‍स दूसरे पक्ष का है। घटना की जानकारी होते ही कमिश्नर गोरखपुर के अलावा जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंच गए। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस व PAC भी तैनात की गई है। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने भी मामले में दोषियों को सख्‍त सजा देने की बात कही है।

पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले ग्राम पंचायत फतेहपुर निवासी सत्य प्रकाश दुबे के भाई साधु दुबे ने अपने हिस्से की लगभग 10 बीघा जमीन गांव के दूसरे टोले के रहने वाले पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेमचंद यादव को बेच दी थी। भूमि बेचने के बाद वह प्रेम यादव के घर ही रहते थे। तीन महीने पहले साधु दुबे गुजरात चले गए।

प्रेम यादव की पीट-पीट कर हत्‍या

सोमवार यानी आज सुबह लगभग सात बजे प्रेम यादव बाइक पर सवार होकर दूसरे टोले पर विवादित भूमि को देखने गए थे और वहीं पर विवाद होने लगा। इसके बाद प्रेम यादव, सत्य प्रकाश दुबे के घर पहुंच गए और यहां विवाद और बढ़ गया। इस दौरान सत्य प्रकाश दुबे व अन्य ने मिलकर प्रेम यादव की पीट-पीट कर हत्या कर दी। हालांकि, गांव के लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास जरूर किया, लेकिन वे रुके नहीं।

इस घटना की जानकारी जब प्रेमचंद यादव के घर वालों को हुई तो दूसरे टोले से ललकारते हुए उनके घर के लोग सत्य प्रकाश दुबे के घर पहुंच गए। सत्‍य प्रकाश दुबे समेत सभी लोग घर में दरवाजा बंद कर छुपे थे, लेकिन आक्रोशित लोग दरवाजा तोड़कर घर में घुस गए और बारी-बारी धारदार हथियार से हमला कर एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्‍या कर दी।

मौके पर पहुंचे डीएम और एसपी

मृतकों में सत्य प्रकाश दुबे, उनकी पत्नी किरण दुबे, बेटी सलोनी, नंदिनी के अलावा बेटा गांधी दुबे शामिल है। इस दौरान प्रकाश दुबे के बेटा अनमोल दुबे घायल हो गया, जिसे मेडिकल कॉलेज देवरिया में एडमिट कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय रुद्रपुर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर भाग निकले। उसके बाद एसपी संकल्प शर्मा और डीएम अखंड प्रताप सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया।

जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि भूमि विवाद के चलते छह लोगों की मौत हुई है। घटना के पीछे भूमि विवाद है, लेकिन इससे संबंधित सभी मामलों का निपटारा हो गया था। पुरानी रंजिश चल रही थी। अभी तत्काल कुछ बताना संभव नहीं है। मामले की छानबीन की जा रही है। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, बाकी शेष की तलाश की जा रही है।

गोरखपुर से कमिश्‍नर और आईजी भी पहुंचे

उधर, सूचना मिलने के बाद गोरखपुर से कमिश्नर अनिल ढींगरा एवं आईजी के रविंद्र गौड भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके अलावा घटना की सूचना पर आस-पास के गांव के हजारों लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे शांति व्‍यवस्‍था के मद्देनजर गांव के चारों ओर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। बताया ये भी जा रहा है कि पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेमचंद यादव दबंग प्रवृत्ति का था और वह विवादित भूमि खरीदता था।

सीएम योगी बोले- किसी भी कीमत पर दोषियों को बख्‍शा नहीं जाएगा

इस मामले में मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने X पर पोस्‍ट करते हुए लिखा- जनपद देवरिया की दुर्भाग्यपूर्ण घटना अत्यंत दुःखद एवं निंदनीय है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। एडीजी/ कमिश्नर/आईजी को मौके पर पहुंचकर कठोरतम कार्यवाही तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इस घटना के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

 

Follow Us
Show More

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: