
नई दिल्ली : दिल्ली सीएम अरविन्द केजरीवाल ने दिल्लीवासियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त 50 नई लो फ्लोर इलेक्ट्रिक एसी बसों का तोहफा दिया है।
सीएम केजरीवाल ने राजघाट डिपो से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि, दिल्ली में प्रदूषण मुक्त, सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन के नए युग में दिल्लीवासियों का स्वागत करता हूं। वहीं अब 50 नई बसें शामिल होने के बाद दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन के बेड़े में 300 इलेक्ट्रिक बसें हो गई हैं। वर्तमान में दिल्ली की सड़कों पर कुल 7,379 बसें चल रही हैं।
ये भी पढ़े :- देहरादून : सीएम धामी ने जीजीआईसी कालौगढ़ के नवनिर्मित भवन का किया लोकार्पण
बताया जा रहा है कि, नई 50 बसें दिल्ली के सात रूटों पर चलेंगी, और सभी बसें रोहिणी के सेक्टर-37 में रुकेंगी। सीएम ने बताया कि, दिसंबर 2023 तक दिल्ली में 2280 इलेक्ट्रिक बसें और फिर 2025 तक 6,380 और ई-बसें खरीदी जाएंगी। इनको मिलाकर दिल्ली में बसों की कुल संख्या 10,480 हो जाएगी। इनमें 8,280 बसें इलेक्ट्रिक होंगी।