India - WorldTrending

साइरस मिस्त्री का सड़क हादसे में निधन, PM मोदी समेत इन नेताओं ने जताया दु:ख

अहमदाबाद हाईवे पर मुंबई से सटे पालघर में हुआ हादसा

नई दिल्‍ली: टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का रविवार को सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। हादसा अहमदाबाद हाईवे पर मुंबई से सटे पालघर में हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, 54 वर्षीय मिस्त्री की मर्सिडीज कार कासा के पास रोड डिवाइडर से टकराई थी। इसके बाद मर्सिडीज के एयरबैग भी खुले, लेकिन मिस्त्री सहित दो लोगों की मौत हो गई। इस कार में कुल चार लोग सवार थे। इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दु:ख जताया है।

पुलिस ने मर्सिडीज कार में सवार लोगों की जानकारी साझा की है। इस हादसे में साइरस मिस्त्री के साथ जहांगीर दिनशा पंडोले की भी मौत हो गई। वहीं, दरीयस पंडोले और अनायता पंडोले घायल हैं। अनायता मुंबई में डॉक्टर हैं और हादसे का शिकार हुई कार को वही चला रही थीं। महाराष्ट्र के उप मुख्‍यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस दुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

कासा अस्‍पताल में मृत घोषित किए गए

पालघर एसपी बालासाहेब पाटिल ने बताया कि मिस्त्री जिस कार में सवार थे, उसका एक्सीडेंट दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अहमदाबाद से मुंबई के रास्ते में सूर्या नदी के पुल पर हुआ। इसमें दो लोगों की जान चली गई, जबकि बाकी दो लोग घायल हो गए। उन्‍होंने बताया कि मिस्त्री सहित सभी घायलों को कासा के अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्‍टर्स ने साइरस मिस्‍त्री समेत दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। अन्‍य दो घायलों का इलाज किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर जताया शोक

साइरस मिस्त्री के निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी ने संवेदना व्यक्त की। उन्‍होंने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘साइरस मिस्त्री का असामयिक निधन स्तब्ध करने वाला है। वे भारत की आर्थिक शक्ति में विश्वास करते थे। उनका निधन उद्योग जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। उनके परिवार और मित्रों के लिए संवेदनाएं। उनकी आत्मा को शांति मिले।’

इसके अलावा साइरस मिस्त्री के निधन पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले, आरपीजी एंटरप्राइजेज के अध्यक्ष हर्ष गोयनका सहित कई लोगों ने श्रद्धांजलि दी। साथ ही उनके परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदना व्‍यक्‍त की।

Follow Us
Show More

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: