IndiaIndia - World

आज से शुरू होगा संसद में बजट सत्र, इस बार जानिए क्या कुछ है खास ?

कोरोना की तीसरी लहर की पांबदियों के बीच आज संसद का बजट सत्र राष्ट्रपति के अभिभाषण से शुरू होगा। और 1 फरवरी को आम बजट पेश किया जाएगा।

दो पालियों में चलेगी दोनों सदनों की कार्यवाही

जानकारी के मुताबिक, शुरुआती दो दिनों के बाद संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही दो पालियों में चलेगी। वहीं आज राष्ट्रपति संसद के दोनों सदनों को संबोधित भी करेंगे। जबकि अगले दिन से लोकसभा की कार्यवाही शाम 4 बजे से 9 बजे तक और राज्यसभा की कार्यवाही की शुरुआत सुबह 9 बजे से शुरु होगी। आज राज्यसभा की कार्यवाही ढाई बजे दोपहर से शुरू होगी। बता दें कि, आज ही दोनों सदनों में आर्थिक सर्वेक्षण भी पेश किया जाएगा।

आम बजट पर होंगी निगाहें

सत्र में मुख्य रूप से सबकी निगाहें 1 फरवरी को पेश हो रहे आम बजट पर टिकी है। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण सुबह 11 बजे लोकसभा में आम बजट पेश करेंगी। वित्त मंत्री की सबसे बड़ी चुनौती कोरोना के कारण चुनौतियों का सामना कर रही अर्थव्यवस्था को संभालने के साथ मध्य और गरीब वर्ग को राहत देने की होगी। जाहिर है ये बजट पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों को भी मद्देनजर रखकर बनाया गया होगा।

कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी

5 राज्यों में विधानसभा चुनाव को लेकर भी विपक्ष कई मुद्दों पर सरकार को घेर सकता है। दरअसल कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने पेगासस मामले में हुए नए खुलासे पर सरकार को घेरने की योजना बनाई है। इसके अलावा विपक्ष के पास किसान आंदोलन के दौरान दर्ज हुए मुकदमे वापस न होने, एमएसपी पर कानूनी गारंटी समेत अन्य मुद्दों पर विचार के लिए कमेटी का गठन अब तक न होने, आरआरबी-एनटीपीसी परीक्षा परिणाम पर छात्रों के आंदोलन और महंगाई के मुद्दे पर विपक्ष ने सरकार को घेरने की योजना बनाई है। कांग्रेस का लद्दाख में चीनी घुसपैठ से संबंधित नए खुलासों पर भी हमलावर रुख रहेगा।

बजट सत्र के दौरान राज्यसभा में होंगी 29 बैठकें

आज से शुरू हो रहे संसद के बजट सत्र में राज्यसभा में कुल 29 बैठकें होंगी। राज्यसभा सचिवालय ने बताया कि, बजट सत्र के पहले भाग में 31 जनवरी से 11 फरवरी के बीच 10 बैठकें होंगी। ये बैठकें 40 घंटे चलेंगी। वहीं दूसरे भाग में 14 मार्च से 8 अप्रैल के बीच 19 बैठकें  होंगी, जिनकी अवधि 95 घंटों की होगी। इस तरह बजट सत्र के दोनों भागों में राज्यसभा में कुल 135 घंटे बैठकें चलेंगी।

शून्यकाल को घटाकर किया गया 30 मिनट 

दूसरे भाग में बैठकों के लिए 70% समय दिया गया है। 29 में से 27 बैठकों के दौरान कागजात और रिपोर्ट रखने के अलावा सार्वजनिक महत्व के मुद्दों को उठाने के लिए हर दिन राज्यसभा में शून्यकाल को घटाकर 30 मिनट कर दिया गया है। सत्र के दौरान 6 दिनों में गैर सरकारी सदस्यों के कामकाज के लिए कुल 15 घंटे का समय तय किया गया है। वहीं सदन के दूसरे भाग के पहले हफ्ते में शुक्रवार को छुट्टी को  देखते हुए अवकाश होने के कारण गैर सरकारी सदस्यों के विधेयकों को बृहस्पतिवार को लिया जाएगा।

केंद्रीय बजट 2022 को मंजूरी के लिए बैठक 

संसद सत्र का कामकाज सुचारू रूप से चलाने के लिए राज्यसभा के सभापति उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी आज राजनीतिक दलों के सदनों में नेताओं के साथ बैठक करेंगे। कार्य मंत्रणा समिति की बैठक भी आज ही तय की गयी है। जबकि केंद्रीय बजट 2022 को मंजूरी देने के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक एक फरवरी को सुबह 10:10 बजे होगी।

Follow Us
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
%d bloggers like this: