
अखिलेश ने BJP पर बोला हमला, कहा- धार्मिक भावनाओं को भड़काना स्वीकार्य नहीं
भारत का संविधान सभी धर्मों के सम्मान और सुरक्षा की गारन्टी देता है।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि देश-प्रदेश आज संक्रमण के दौर से गुजर रहा है। कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन लापरवाह है। भारत का संविधान सभी धर्मों के सम्मान और सुरक्षा की गारन्टी देता है। भारत पंथनिरपेक्ष राष्ट्र-राज्य है। यहां किसी धर्म के अनुयायियों की भावनाओं को आहत करने का कोई भी प्रयास निंदनीय है और उसकी स्वीकृति नहीं दी जा सकती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भारत और खासकर उत्तर प्रदेश अनेकता में एकता और गंगा-जमुनी सभ्यता-संस्कृति वाला प्रदेश है। यहां बहुधर्मी, बहुभाषी और बहुसंस्कृतियों, परम्पराओं के लोग रहते हैं। इनके बीच सद्भावना और सौहार्द से ही अमन-चैन बना रह सकता है। परस्पर एक दूसरे की भावनाओं के सम्मान और समन्वय से ही समाज में शांति रह सकती है।
POCO X4 GT जल्द ही भारत में इस दिन होगा लॉन्च
उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से देश में पिछले कुछ समय से संविधान की मूल भावना के विरूद्ध आचरण होता दिखाई दे रहा है। नफरत और समाज को बंटवारे की कोशिशें होती हैं। इससे परस्पर वैमनस्य और असुरक्षा की भावना को बढ़त मिली है। सरकार को इस सम्बंध में विशेष सतर्कता बरतते हुए आदर्श राजधर्म का पालन करना चाहिए। समाज के हर वर्ग और सम्प्रदाय के मान सम्मान की रक्षा भाजपा सरकार का नैतिक और संवैधानिक दायित्व है।
समाजवादी पार्टी के मुखिया ने कहा कि जनता से समाजवादी पार्टी की अपील है कि वह सब्र से काम ले और शांति का वातावरण बनाने में सहयोग करें। सरकार को भड़काऊ बयानबाजी करने वालों पर कड़ी कार्यवाही करने में देर नहीं करनी चाहिए ताकि आहत भावनाओं का सम्मान हो सके।