
बिहार: शहरी निकायों में बनेंगे नए बस-ऑटो स्टैंड, बंटेगा मास्क: उप मुख्यमंत्री
पूरे देश में कोरोना वायरस तेजी से बढ़ता जा रहा है। वहीं बिहार के उप मुख्यमंत्री ने कहा है कि राज्य के शहरी निकायों में नए बस और ऑटो स्टैंड बनाए जाएंगे। कई ऐसे शहरी निकाय हैं, जहां भूमि की अनुपलब्धता के कारण अब तक बस व ऑटो स्टैंड का निर्माण शुरू नहीं हो सका है। ऐसे में उप मुख्यमंत्री सह नगर विकास एवं आवास मंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कार्यपालक पदाधिकारियों को अविलंब भूमि की उपलब्धता का प्रस्ताव राज्य मुख्यालय को भेजने का निर्देश दिया है।
बुधवार को पटना, भागलपुर, दरभंगा, मगध एवं मुंगेर प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले नगर परिषद् की योजनाओं की समीक्षा बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री ने यह निर्देश दिए। इसके अलावा सभी नगर निकायों में मास्क का वितरण करने का निर्देश भी दिया गया।

व्यवस्था सुनिश्चित कराएं और राज्य मुख्यालय को इसका प्रस्ताव भेजें
उप मुख्यमंत्री सह नगर विकास एवं आवास मंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि कई शहरी निकायों में सम्राट अशोक भवन के निर्माण में भी भूमि की अनुपलब्धता के कारण काम अवरुद्ध है। कार्यपालक पदाधिकारी इस दिशा में विशेष अभिरुचि लेते हुए प्राथमिकता के तौर पर संबंधित जिला पदाधिकारी एवं अपर समाहर्ता से समन्वय स्थापित कर भूमि की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं और राज्य मुख्यालय को इसका प्रस्ताव भेजें।