
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 की वोटिंग आगे बढ़ती जा रही है, रुझान और दिलचस्प होते जा रहे हैं। यूपी विधानसभा चुनाव के नतीजे आने से पहले रुझान आ रहे हैं। 403 में से कुल 400 सीट के रुझान में बीजेपी 272, समाजवादी पार्टी 118, बसपा चार और कांग्रेस को तीन सीट पर बढ़त मिली है। अन्य दल तीन सीट पर आगे चल रहे हैं।
अब तक के अपडेट्स:
वाराणसी शहर दक्षिणी से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार किशन दीक्षित ने पहले चक्र में 5454 मतों की बढ़त बनाई है। वहीं, भाजपा प्रत्याशी मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी दूसरे नंबर पर हैं। जबकि तीसरे नंबर पर कांग्रेस की मुदिता कपूर हैं, जिनको 95 वोट मिले हैं।
गोरखपुर शहर विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी सीएम योगी आदित्यनाथ 12,000 से ज्यादा मतों से आगे चल रहे हैं। अब तक तीन चरणों की मतगणना का परिणाम आ चुका है। सपा की सुभावती शुक्ला को 4,290 वोट मिले हैं, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 16,569 मत प्राप्त हुए हैं। वहीं, समाज पार्टी के चंद्रशेखर आजाद को सिर्फ 903 वोट मिले हैं।
कुशीनगर जिले की फाजिलनगर सीट पर पूर्व मंत्री और भाजपा से पाला बदल कर सपा में गए स्वामी प्रसाद मौर्य 2,607 मतों से पीछे चल रहे हैं। भाजपा के सुरेंद्र कुशवाहा आगे चल रहे हैं।
कुशीनगर की तमकुहीराज सीट पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार ‘लल्लू’ तीसरे स्थान पर चल रहे हैं। यहां बीजेपी प्रत्याशी असीम कुमार राय करीब नौ हजार मतों से आगे चल रहे हैं।
देवरिया की पथरदेवा सीट से कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही 2,500 मतों से आगे चल रहे हैं। दूसरे स्थान पर सपा प्रत्याशी और पूर्व मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी दूसरे स्थान पर चल रहे हैं।
सिद्धार्थनगर जिले की बांसी सीट से स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह सपा के नवीन उर्फ मोनू दूबे से 5400 मतों से आगे चल रहे हैं।
मत्स्य पालन राज्य मंत्री जय प्रकाश निषाद देवरिया की रूद्रपुर विधानसभा सीट पर सपा के रामभुआल निषाद से 1175 मतों से आगे चल रहे हैं।
बांदा जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी के बेटा और मऊ सदर से सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी से प्रत्याशी अब्बास अंसारी पीछे चल रहा है। यह अब्बास का दूसरा विधानसभा चुनाव है। यहां से बीजेपी प्रत्याशी अशोक सिंह आगे हैं। वहीं, मुख्तार के बड़े भाई का बेटा सुहैब अंसारी उर्फ मन्नू गाजीपुर की सीट से सपा प्रत्याशी के रूप में बढ़त पर है।
सीएम योगी आदित्यनाथ गोरखपुर शहर और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य कौशांबी की सिराथू सीट पर बढ़त बनाए हैं। योगी आदित्यनाथ करीब 12 हजार वोट से आगे हैं। बलिया के फेफना से मंत्री उपेंद्र तिवारी सपा के प्रत्याशी संग्राम सिंह यादव से पिछड़ गए हैं।
सपा के गढ़ और इनकी परपंरागत सीट इटावा के जसवंतनगर से शिवपाल सिंह यादव आगे चल रहे हैं। गोरखपुर शहर से बीजेपी प्रत्याशी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बढ़त बना ली है। मैनपुरी के करहल विधानसभा से पूर्व सीएम अखिलेश यादव भी बढ़त पर हैं। गोरखपुर से भीम आर्मी के प्रत्याशी चंद्र शेखर रावण को अब तक सिर्फ 123 वोट मिले हैं।
वहीं, करहल में अखिलेश यादव बीजेपी के एसपी सिंह बघेल से आगे चल रहे हैं। कांग्रेस से प्रत्याशी नहीं खड़ा किया है। बसपा तीसरे और नोटा चौथे स्थान पर है। अलीगढ़ की सात सीटों में से चार के रुझान आए हैं, जिन पर भाजपा काफी आगे चल रही है।