India - WorldPoliticsTrendingUttar Pradesh

अमित शाह ने NDA में किया सुभासपा का स्‍वागत, ओपी राजभर बोले- 2024 में साथ लड़ेंगे   

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा- अब यूपी में NDA को और मजबूती मिलेगी  

नई दिल्‍ली: लोकसभा चुनाव 2024 से पहले विपक्ष को एक और झटका लगा है। उत्‍तर प्रदेश में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के चीफ ओम प्रकाश राजभर एक बार फिर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में शामिल हो गए हैं। उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और उसके बाद गठबंधन में शामिल होने की घोषणा की गई।

इसकी जानकारी रविवार को खुद अमित शाह ने ट्वीट करके दी। उन्‍होंने ट्वीट करते हुए बताया कि ओम प्रकाश राजभर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले NDA गठबंधन में आने का फैसला लिया है और मैं उनका NDA परिवार में स्वागत करता हूं।

राजभर ने पीएम से लेकर सीएम तक का किया धन्‍यवाद

वहीं, गठबंधन में शामिल होने के बाद सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि हमने 14 जुलाई को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। हमने 2024 का चुनाव एक साथ लड़ने का फैसला किया। हमें साथ लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद देना चाहते हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ओम प्रकाश राजभर ने NDA में आने से पहले बड़ा प्लान तैयार किया है। वे अपने बेटे अरुण राजभर को सुभासपा के टिकट पर गाजीपुर सीट से उप चुनाव लड़वाना चाहते हैं। यहां भाजपा उन्हें समर्थन दे सकती है। वहीं, ओपी राजभर के भी यूपी सरकार में मंत्री बनने की चर्चा है। माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव के दौरान सुभासपा के साथ मिलकर भाजपा राजभर समाज को साधने की कोशिश करेगी।

ओम प्रकाश राजभर के बारे में

ओम प्रकाश राजभर यानी ओपी राजभर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष हैं। वे यूपी के जहूराबाद चुनाव क्षेत्र से 17वीं विधानसभा के सदस्य हैं। 19 मार्च, 2017 को वह पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग और विकलांग जन विकास विभाग के मंत्री के रूप में सीएम योगी के मंत्रालय में कैबिनेट मंत्री बने, लेकिन 20 मई, 2019 को राजभर को गठबंधन विरोधी गतिविधियों के कारण मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया गया था। उसके बाद 2022 में उन्होंने सपा के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था। हालांकि, चुनावी परिणाम दोनों के लिए निराशा लेकर आए थे। बाद में बयानबाजी से माहौल गरमाया और ओपी राजभर-अखिलेश के बीच सियासी दूरियां बढ़ती चली गईं। अब उन्‍होंने फिर से NDA से गठबंधन कर लिया है।

Follow Us
Show More

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: