PoliticsTrendingUttar Pradesh

अतीक-अशरफ हत्‍याकांड पर अखिलेश बोले- लगता है सरकार की साख मिट्टी में मिल गई

लखनऊ: माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ के हत्‍याकांड को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को बयान जारी किया। उन्‍होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जंगल राज की गिरफ्त में फंस चुका है। यहां कानून और संविधान का शासन नहीं है। अपराध की पराकाष्ठा हो गयी है, सड़कों पर खुलेआम हत्याएं हो रही हैं। अपराधी बेखौफ हैं। अपराधियों को सत्ताधारी पार्टी का संरक्षण मिला हुआ है।

सपा सुप्रीमो ने कहा कि मीडिया के सामने सुनियोजित तरीके से पुलिस के सुरक्षा घेरे के बीच हत्या सरकार की नाकामी हैं। जब पुलिस सुरक्षा घेरे के बीच सरेआम गोलीबारी करके किसी की हत्या की जा सकती है तो आम जनता कितनी सुरक्षित है, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। यूपी में भाजपा सरकार ने अराजकता का जो माहौल बनाया है, इससे जनता के बीच भय व्याप्त हो गया है। ऐसा लगता है कि कुछ लोग जानबूझकर ऐसा वातावरण बना रहे हैं।

अब प्रदेश में विकास नहीं, अपराध की चर्चा है

अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज ही नहीं बची है। लगता है सरकार की साख ही मिट्टी में मिल गई है। उन्‍होंने कहा कि समाजवादी सरकार के समय में जिस उत्तर प्रदेश में विकास की बात होती थी, मेट्रो, एक्सप्रेस-वे, आईटी सिटी, लैपटॉप की बात होती थी, उस उत्तर प्रदेश में अब अपराध, अपराधियों, गन और पिस्टल की चर्चा होती है। उन्‍होंने कहा कि आज 25 करोड़ जनता की सुरक्षा और उत्तर प्रदेश के भविष्य को लेकर चिंता हैं। भाजपा ने नफ़रत फैलाकर समाज को डरा दिया है। आने वाले समय में भाजपा सरकार को यह भारी पड़ेगा। इन सबके लिए मुख्यमंत्री जी, ठोको मानसिकता की जिम्मेदारी से नहीं बच पायेंगे।

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश भाजपा के सत्ता में आने के बाद योजनाबद्ध तरीके से सत्ता संरक्षण में हत्याएं हो रही है। पुलिस हिरासत में उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा मौतें हो रही हैं। किसी भी लोकतांत्रिक देश में पुलिस अभिरक्षा में इस तरह हत्या नहीं हुई।

Follow Us
Show More

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: