
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी पूरी तैयारियों में जोर-शोर से जुटी है। इसी क्रम में शुक्रवार को कांग्रेस ने यूपी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का ‘यूथ मेनिफेस्टो’ जारी कर दिया है। यह मेनिफेस्टो कांग्रेस महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा, राहुल गांधी और रणदीप सुरजेवाला ने जारी किया है।
कांग्रेस के यूथ मेनिफेस्टो में यूपी के युवाओं को 20 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया गया है। साथ ही आठ लाख सरकारी पद महिलाओं के लिए नौकरियों की बात शामिल है। इसके अलावा कांग्रेस ने प्रतियोगी परीक्षाओं के शुल्क माफ करने का ऐलान किया है। साथ ही शिक्षकों के डेढ़ लाख खाली पदों को भी भरने का वादा किया है।
राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
इस दौरान सांसद राहुल गांधी ने कहा, कांग्रेस पार्टी आज यहां युवा घोषणापत्र रिलीज कर रही है। सोच ये है कि यूपी के युवाओं के भविष्य के लिए खोखले शब्द नहीं, किस तरह हम आपको रोजगार दिलाएंगे। इस घोषणापत्र में हमने यही लिखा है। उन्होंने कहा कि ये घोषणापत्र बनाने के लिए पार्टी ने यूपी के युवाओं से बात की है और उनकी आकाक्षांओं को इसमें डाला है। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा, प्रधानमंत्री ने कहा था कि हम देश के युवाओं को सालाना दो करोड़ रोजगार देंगे लेकिन, जो हो रहा है वह आप जानते हैं।
वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि ये जो भर्ती विधान है, इसे बनाने के लिए हमारे नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूरे यूपी में युवाओं से बात की और उनकी परेशानियों के बारे में पूछा। उन्हीं चर्चाओं से ये भर्ती विधान निकला है। उन्होंने कहा कि युवाओं का उत्साह टूट गया है। हम युवाओं को भरोसा देना चाहते हैं कि हम कैसे उनका भरोसा बहाल करेंगे, कैसे रोजगार देने में उनकी मदद करेंगे।