गोरखपुर में गरजे नरेश उत्तम पटेल, कहा- संविधान का सम्मान नहीं करती है भाजपा
गोरखपुर: रविवार को सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल के नेतृत्व में किसान-नौजवान-पटेल यात्रा गोरखपुर पहुंची। यहां छोटी चौरी चौरा में एमएलसी संतोश यादव सनी, निवर्तमान जिलाध्यक्ष नगीना साहनी, काली शंकर यादव, नरसिंह समेत सैकड़ों नेताओं कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया।
जिले में विभिन्न जगहों पर हुईं जनसभाओं में सपा प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, बीजेपी सरकार लोकतांत्रिक परंपराओं को नहीं मानती है। बीजेपी बाबा साहब अंबेडकर के बनाए संविधान का सम्मान नहीं करती और न ही जनता से किए वादे पूरा करती है।
भाजपा ने रोका विकास: नरेश उत्तम पटेल
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, बीजेपी झूठे वादे करती है। आज डीजल का दाम बढ़ गया है। सिंचाई और बीज के दाम बढ़ गए हैं, लेकिन यह सरकार किसानों को उनकी फसल की सही कीमत नहीं दिला रही। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में किसानों, नौजवानों, महिलाओं, छात्राओं सभी वर्गों के लिए योजनाएं चलायी गयीं। भाजपा सरकार ने उन्हें रोक दिया और विकास अवरुद्ध कर दिया।
इस कार्यक्रमों में पूर्व विधायक विजय बहादुर यादव, रविन्द्र निषाद समेत अन्य नेता समर्थकों के साथ मौजूद रहे। इससे पूर्व देवरिया से गोरखपुर के रास्ते में एमएलसी राम सुन्दर दास निषाद, रमाशंकर विद्यार्थी, जिलाध्यक्ष डॉ. दिलीप, पूर्व विधायक गजाला लारी, अनुग्रह नारायण सिंह, मनबोध प्रसाद, जेपी जायसवाल, विजय प्रकाश यादव, मनीष सिंह, ब्रजेश यादव, पी.डी. तिवारी, अवनीश यादव ने सैकड़ों समर्थकों के साथ स्वागत अभिनंदन किया।