![जंतर-मंतर](/wp-content/uploads/2021/07/kisan_sansad_6965018_835x547-m-780x470.jpg)
जंतर-मंतर पर लगी किसानों की संसद, राकेश टिकैत ने सांसदों को दी चेतावनी
किसान संसद की शुरुआत आंदोलन के दौरान मारे गए किसानों को श्रद्धांजलि देकर हुई।
किसानों ने संसद भवन से कुछ दूरी पर अपनी संसद लगा दी है। केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसान जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने अधिकतम 200 किसानों को नौ अगस्त तक जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति दी है।
किसान संसद के मद्देनजर पुलिस ने मध्य दिल्ली के चारों ओर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इसके अलावा सिंघु बॉर्डर, टीकरी बॉर्डर पर भी फोर्स तैनात है। ये प्रदर्शन सुबह 11 बजे शुरू हुआ और शाम 5 बजे तक चलेगा। आज का प्रदर्शन दिन में 11 बजे शुरू होना था, लेकिन किसान यहां 12 बजकर 25 मिनट पर पहुंचे। उसके बाद ये प्रदर्शन शुरू हुआ।
इस बारे में किसान नेता शिव कुमार कक्का ने बताया कि रास्ते में पुलिस ने उन्हें तीन जगह रोका और उनके आधार कार्ड देखे। किसान संसद की शुरुआत आंदोलन के दौरान मारे गए किसानों को श्रद्धांजलि देकर हुई। हनान मौला को किसान संसद का अध्यक्ष और मंजीत सिंह राय को डिप्टी स्पीकर बनाया गया है।
किसान नेता राकेश टिकैत ने सांसदों को चेतावनी दी है। राकेश टिकैत ने कहा कि अगर सांसद किसानों के हक में संसद के भीतर आवाज नहीं उठाते तो चाहे वह किसी भी दल के हों, उनके क्षेत्र में उनका विरोध होगा। बता दें कि कांग्रेस सांसदों ने नए कृषि कानूनों के खिलाफ संसद परिसर में प्रदर्शन किया। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा सांसद राहुल गांधी ने इसका नेतृत्व किया। लेकिन किसान संसद के बारे में कुछ नहीं कहा।