India - WorldTrending

मन की बात का 100वां एपिसोड: पीएम मोदी ने कहा- मेरे लिए यह कार्यक्रम नहीं, जनता के चरणों में प्रसाद की थाल है

प्रधानमंत्री ने कहा- वियजयादशमी से शुरू हुआ यह पर्व हम हर महीने मनाते हैं

नई दिल्‍ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 100वां एपिसोड रविवार यानी आज शुरू हो चुका है। यह एपिसोड टीवी चैनल्‍स, प्राइवेट रेडियो स्टेशंस और सामुदायिक रेडियो समेत 1000 से अधिक प्लेटफॉर्म पर ब्रॉडकास्ट किया जा रहा है। संयुक्त राष्ट्र के न्यूयॉर्क स्थित हेडक्वार्टर पर भी इसका लाइव ब्रॉडकास्ट किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए कहा, आज मन की बात का 100वां एपिसोड है। मुझे आप सबकी हजारों चिट्ठियां और संदेश मिले। प्रयास किया है कि अधिक से अधिक चीजों को पढ़ पाऊं, देख पाऊं। संदेशों को समझने की कोशिश करूं। कई बार पत्र पढ़ते वक्त भावुक हो गया, भावनाओं में बह गया और संभाला। 100वें एपिसोड पर सच्चे दिल से कहता हूं कि बधाई आपने दी, पात्र आप सभी श्रोता हैं।

2014 से हुई थी मन की बात कार्यक्रम की शुरुआत

पीएम मोदी ने कहा कि 3 अक्टूबर, 2014 को विजयादशमी के मौके पर हम सबने मिलकर विजयादशमी के दिन मन की बात की यात्रा शुरू की थी। विजयादशमी यानी बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व। यह एक ऐसा पर्व बन गया है, जो हर महीने आता है। हम इसमें सकारात्मकता और लोगों की प्रतिभागिता को सेलिब्रेट करते हैं। यकीन नहीं होता कि इसे इतने साल गुजर गए। हर एपिसोड नया रहता है। देशवासियों की नई सफलताओं का विस्तार इसमें मिलता है। देश के कोने-कोने से हर आयु वर्ग के लोग जुड़े।

उन्‍होंने आगे कहा कि मन की बात जिस विषय से जुड़ी वो जन आंदोलन बन गई। आप लोगों ने बना दिया। जब मैंने तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ मन की बात की तो इसकी चर्चा दुनिया में हुई। मन की बात मेरे लिए दूसरों के गुणों की पूजा का मौका है। मेरे मार्गदर्शक थे लक्ष्मण राव, वो कहते थे कि हमें दूसरों के गुणों की पूजा करनी चाहिए। उनकी इस बात ने मुझे प्रेरणा देती है। यह कार्यक्रम दूसरों से सीखने की प्रेरणा बन गया है। इसने मुझे आपसे कभी दूर नहीं होने दिया।

जनभाव मेरा अटूट अंग बन गया है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब मैं गुजरात का मुख्‍यमंत्री था तब सामान्य तौर पर लोगों से मिलना-जुलना हो जाता था। 2014 में दिल्ली आने के बाद मैंने पाया कि यहां का जीवन और काम का स्वरूप अलग है। सुरक्षा का तामझाम, समय की सीमा सबकुछ अलग है। शुरुआती दिनों में खाली-खाली सा महसूस करता था। 50 साल पहले घर इसलिए नहीं छोड़ा था कि अपने ही देशवासियों से संपर्क नहीं हो पाएगा। देशवासी सबकुछ हैं और उनसे कटकर नहीं रह सकता था। मन की बात ने मुझे मौका दिया। पदभार और प्रोटोकॉल व्यवस्था तक सीमित रहा। जनभाव मेरा अटूट अंग बन गया।

पीएम ने कहा कि मैं हर महीने देशवासियों के त्याग की पराकाष्ठा देखता हूं। मुझे लगता ही नहीं है कि आपसे थोड़ा भी दूर हूं। मन की बात कार्यक्रम नहीं, यह मेरे लिए आस्था, पूजा और व्रत है। जैसे लोग ईश्वर की पूजा करने जाते हैं तो प्रसाद की थाल लाते हैं। मन की बात ईश्वर रूपी जनता जनार्दन के चरणों में प्रसाद की थाल जैसे है। यह मेरे लिए अध्यात्मिक यात्रा बन गया है। अहम से वयम की यात्रा है। यह तो मैं नहीं, तू ही की संस्कार साधना है। उन्‍होंने कहा कि कल्पना करिए कि कोई देशवासी 40-40 साल से निर्जन जमीन पर पेड़ लगा रहा है। कोई 30 साल से जल संरक्षण के लिए बावड़ी बना रहा है। कोई निर्धन बच्चों को पढ़ा रहा है। कोई गरीबों की इलाज में मदद कर रहा है। कितनी ही बार मन की बात में इनका जिक्र करते वक्त मैं भावुक हुआ। आकाशवाणी के साथियों को इसे दोबारा रिकॉर्ड करना पड़ा।

Follow Us
Show More

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: