
दिल्ली के सामूहिक दुष्कर्म केस में 11 अपराधी गिरफ्तार, जानिए आखिर क्या है मामला
दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के शाहदरा जिले के कस्तूरबा नगर में हुई घटना के सिलसिले में 9 महिलाओं सहित कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। घटना में एक महिला का कथित रूप से अपहरण कर लिया गया था। उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया और उसके चेहरे को स्याही से काला करके, सिर मुंडाया और उसके गले में जूतों की एक माला डालकर उसे सड़कों पर घुमाया गया था।
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि प्राथमिकी में नामजद 11 में से नौ महिलाएं हैं और जल्द ही और गिरफ्तारियां की जाएंगी। पुलिस के अनुसार, उन्हें महिला के पति द्वारा बुधवार को हुई एक घटना के बारे में सूचित किया गया, जो मौके पर मौजूद नहीं था, लेकिन उसके मकान मालिक ने उसे इसकी सूचना दी।
पुलिस ने कहा कि सूचना मिलने के बाद वे मौके पर पहुंचे और 20 वर्षीय महिला को मारपीट से बचाया और थाने ले गए। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जिसमें सामूहिक दुष्कर्म, शारीरिक हमला, यौन हमला और आपराधिक साजिश शामिल है।
व्यक्तिगत दुश्मनी से जुड़ा है पूरा मामला:
पीड़िता की बहन के मुताबिक, पड़ोस में रहने वाले एक लड़के ने पिछले साल नवंबर में महिला से प्यार करने का दावा करते हुए आत्महत्या कर ली थी। उसने बताया कि पीड़ित बहन शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है। लड़के के सुसाइड करने के बाद वह किराए के घर में रह रही थी। बहन ने बताया “उसका परिवार अपने बेटे की मौत के लिए मेरी बहन को दोषी ठहराता है।“ बताया जा रहा है कि लड़के के चाचा ने कड़कड़डूमा से उसे किडनैप किया और फिर उसके साथ अमानवीयता की गई।
सरकार और प्रशासन अलर्ट, महिला आयोग ने की थी सख्त कार्रवाई की मांग
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को इसे शर्मनाक हरकत बताया और केंद्र से पुलिस को सख्त कार्रवाई करने का निर्देश देने का आग्रह किया। दिल्ली महिला आयोग ने भी इस जघन्य अपराध के सिलसिले में दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए त्वरित कार्रवाई और पीड़िता के परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की थी।
शाहदरा के पुलिस उपायुक्त आर सथियासुंदरम ने कहा, “व्यक्तिगत दुश्मनी के कारण एक महिला के यौन उत्पीड़न की दुर्भाग्यपूर्ण घटना शाहदरा जिले में हुई।” डीसीपी ने कहा, “पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है। पीड़िता को हर संभव मदद और परामर्श मुहैया कराया जा रहा है।”