
सोनिया गांधी हेल्थ चेकअप के लिए विदेश रवाना मानसून सत्र में नहीं होंगी शामिल
कोरोना के चलते मानसून सत्र 14 सितंबर से शुरू होने जा रहा है। कुछ सांसद अपने स्वास्थ्य की वजह से सत्र में शामिल नहीं होंगे जिसमें से सोनिया गांधी का भी नाम सामने आया है।
कांग्रेस के नेता रणदीप सुरजेवाला ने सोनिया गांधी की यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए ट्वीट किया “कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी आज रूटीन फोलोअप के लिए रवाना हुई हैं। महामारी की वजह से उनकी यात्रा को पहले भी स्थगित किया गया था। सोनिया गांधी के साथ उनके बेटे राहुल गांधी अमेरिका रवाना हो गए हैं। हम सभी का उनकी चिंता करने के लिए और शुभकामनाएं देने के लिए शुक्रिया अदा करते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों 2 हफ्ते बाद भारत लौटेंगे।
ये भी नहीं होंगे मानसून सत्र में शामिल
1 अक्टूबर तक चलने वाले मानसून सत्र में तृणमूल कांग्रेस के 7 और भाजपा के 1 सांसद भी सत्र में मौजूद नहीं रहेंगे। कुछ सांसद कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं वहीं कुछ अपनी उम्र के साथ बिगड़ते स्वास्थ्य के कारण सत्र में शामिल नहीं हो पाएंगे।
बता दें कि केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगदी सत्र में नहीं शामिल हो सकेंगे। शुक्रवार को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। वहीं केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपद नायक को शनिवार को अस्पताल से छुट्टी मिली है। वे करीब 1 महीने से कोरोना की वजह से अस्पताल में भर्ती थे। 67 वर्ष के श्रीपद नायक का मानसून सत्र में मौजूद होने की संभावना कम है।
मनमोहन सिंह हो सकते हैं शामिल
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह (87) और एके एंटनी (79) सत्र में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, अभी तक पार्टी की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि मानसून सत्र ऐतिहासिक होगा
ओम बिरला ने कहा कि संसद का मानसून सत्र ऐतिहासिक होगा। Covid-19 के बीच इसे डिजिटल बनाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने मीडिया कर्मियों को मानसून सत्र के लिए की गई तैयारियां दिखाई। कोरोना से बचाव के लिए सीटों के बीच पारदर्शी पॉलीकार्बोनेट शीट लगाई गईं हैं। 14 सितंबर से शुरू होने वाले मानसून सत्र के बारे में बताते हुए ओम बिरला ने कहा कि मानसून सत्र का आयोजन करना चुनौती पूर्ण था, लेकिन यह ऐतिहासिक होगा।