
रूसी फ़िल्म का महोत्सव में इम्तियाज़ अली को बनाया गया एंबेसडर
मुंबई । बॉलीवुड के नामचीन हस्तियों में शूमार निर्माता और निर्देशक इम्तियाज अली को भारत के रूसी फ़िल्म महोत्सव के लिए ब्रांड एंबेसडर चुना गया है। महोत्सव के अंतर्गत 16 अक्टूबर से 27 नवम्बर के बीच डिज्नी + हॉटस्टार पर भारत के दर्शकों को अलग अलग थीम की दस फेमस रूसी फ़िल्म दिखाई जाएगी। इम्तियाज का कहना है कि यह उत्सव भारत और रूस के बीच भविष्य में सिनेमाई सहयोग के लिए एक आधार के रूप में कार्य करेगा।
इसके आगे फ़िल्म निर्देशक इम्तियाज ने अपने बयान में कहा कि, ‘रूस और भारत के सांस्कृतिक संबंध हैं, जो बहुत पुराने हैं। राज कपूर और मिथुन चक्रवर्ती जैसे फिल्मी सितारे रूस में बहुत लोकप्रिय रहे हैं। साथ ही, रूसी संगीत और सिनेमा भारत में लोकप्रिय संस्कृति का हिस्सा रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘मैं सभी भारतीय दर्शकों को 16 अक्टूबर से फिल्में देखने और दो महान संस्कृतियों के बीच सिनेमाई सहयोग को बढ़ावा देने के लिए आमंत्रित करता हूं.’महोत्सव में ‘आइस’, ‘ऑन द एज’, ‘टेल हर’, ‘डॉक्टर लिज़ा’, ‘द रिलेटिव्स’, ‘अदर वुमन!’, ‘जेटलैग’ आदि प्रसिद्ध फिल्में दिखाई जाएंगी।