ChhattisgarhDelhiIndia Rise Special

जय जनता जर्नादन: आप का बेड़ा पार, भाजपा को दिया नकार, कांग्रेस का बंटाधार

Kejriwal settled in the heart of Delhi: देश के दिल दिल्ली में एक बार फिर आम आदमी पार्टी (आप) की ऐसी आंधी चली जिससे न सिर्फ भाजपा के मंसूबे पर पानी फिर गया बल्कि कांग्रेस भी पूरी तरह उजड़ गई। दिल्ली ने आप के ‘अच्छे बीते पांच साल’ के दावे पर मुहर लगाते हुए अगले पांच साल के लिए ‘लगे रहो केजरीवाल’ का जनादेश दिया। मंगलवार को आए विधानसभा चुनाव के नतीजों में आप ने ऐतिहासिक प्रदर्शन दोहराते हुए 70 में से 62 सीटें जीतकर सत्ता में जबरदस्त वापसी की। वहीं, लोकसभा चुनाव में 57 फीसदी वोटों के साथ सभी सात सीटें जीतने वाली भाजपा पांच सीटों के फायदे के साथ सिर्फ आठ सीटों पर सिमट गई। दूसरी ओर, 15 साल दिल्ली पर राज करने वाली कांग्रेस का पिछली बार की ही तरह इस बार भी खाता नहीं खुला है।
aap wins
ये आठ सीटें नहीं जीत सकी आप, भाजपा के खाते में गई
आप सिर्फ गांधीनगर, घोंडा, करावल नगर, रोहिणी, रोहतास नगर, विश्वास नगर, लक्ष्मीनगर सीट पर हारी है। ये सभी सीटें भाजपा के खाते में गई हैं। इनमें से पांच सीटें पिछली बार आप के पास थीं। वहीं, भाजपा पिछली बार जीती मुस्तफाबाद सीट हार गई है। जबकि विश्वासनगर से ओपी शर्मा और नेता प्रतिपक्ष रहे विजेंद्र गुप्ता ने रोहिणी सीट इस बार भी बचा ली।

केजरीवाल के ये सभी मंत्री जीते
सीएम केजरीवाल सहित उनकी सरकार के सभी मंत्री चुनाव जीत गए हैं। इनमें सतेंद्र जैन, गोपाल राय, इमरान हुसैन, राजेंद्र पाल गौतम और कैलाश गहलोत शामिल हैं। वहीं, पटपड़गंज से चुनाव लड़े डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने बेहद कांटे की टक्कर में भाजपा के रवींद्र सिंह नेगी को 3207 वोटों पराजित किया। विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल भी शाहदरा से चुनाव जीत गए हैं।

भाजपा कांग्रेस के ये बड़े चेहरे हारे
कांग्रेस: कृष्णा तीरथ, हारुन यूसुफ, अलका लांबा, अरविंद सिंह लवली, मतीन अहमद, आदर्श शास्त्री, अशोक वालिया, पूनम आजाद।
भाजपा: जगदीश प्रधान, कपिल मिश्रा, तेजिंदर सिंह बग्गा, ब्रह्म सिंह।
aap win
इन सीटों के परिणाम से जानिए हर वोट की कीमत 
नौ सीटें जहां पांच हजार से कम वोटों ने जीत और हार तय की, तीन पर तो हजार से भी कम अंतर रहा
मौजूदा चुनाव परिणाम में नौ सीटों पर हार का अंतर पांच हजार से कम रहा। तीन जगह तो एक हजार से भी कम अंतर दर्ज हुआ।

सबसे बड़ी जीत
718027 वोट से ओखला सीट से जीते आप के अमानतुल्ला खान, भाजपा के ब्रह्म सिंह को मिले सिर्फ 58540 वोट।
बल्लीमारन- इमरान हुसैन (आप)- 36172 वोट
देवली- प्रकाश जरवाल (आप)- 40173 वोट
मटियामहल- शोएब इकबाल (आप)- 50241 वोट
संगम विहार- दिनेश मोहनिया (आप)- 42522 वोट
सीमापुरी- राजेंद्र पाल गौतम(आप)- 56108 वोट
सुल्तानपुर माजरा- मुकेश अहलावत (आप)- 48052 वोट
विकासपुरी- महेंद्र यादव (आप)-42058 वोट

सबसे छोटी जीत
बिजवासन: अंतर – 753 वोट
आप के भूपिंदर सिंह जून ने भाजपा के सतप्रकाश को हराया। पिछली बार आप के देविंदर सिंह सहरावत 19526 के मार्जिन से जीते थे।
अन्य सीटों पर वोट का अंतर
आदर्शनगर: अंतर – 1589 वोट
आप के पवन शर्मा ने भाजपा के राजकुमार भाटिया को मात दी। 2015 में भी आप के टिकट पर पवन जीते थे, तब अंतर 20741 का था।
कस्तूरबा नगर: अंतर – 3165 वोट
आप के मदनलाल ने भाजपा के रविंदर चौधरी को हराया। पिछली बार भी आप से ही मदनलाल जीते थे, लेकिन अंतर 15896 था।

कृष्णानगर: अंतर – 3995 वोट
आप के एसके बग्गा ने भाजपा के डॉ. अनिल गोयल को हराया। बग्गा 2015 में भी आप के टिकट पर यहां मात्र 2277 वोटों से जीते थे।
पटपड़गंज: अंतर – 3207 वोट
निवर्तमान सरकार के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भाजपा के रविंदर सिंह नेगी को हराया। वे पिछली बार 28791 के बडे़ वोट अंतर से जीते थे।

शालीमार बाग: वोट अंतर : 3440 वोट
आप की बंदना कुमारी ने भाजपा की रेखा कुमारी को पराजित किया। पिछली बार बंदना कुमारी 10978 के अंतर से जीती थीं।
छतरपुर: अंतर – 3720 वोट
आप के करतार सिंह तंवर ने भाजपा के ब्रह्म सिंह तंवर को पराजित किया। 2015 में करतार सिंह 22240 वोटों से जीते थे।

बदरपुर: अंतर – 3719
भाजपा के रामवीर सिंह बिधूड़ी ने आप के राम सिंह नेताजी को पराजित किया। पिछली बार आप के नारायण दत्त शर्मा ने 47583 वोटों के बड़े अंतर से यहां जीत पाई थी।
लक्ष्मीनगर: अंतर – 880
भाजपा के अभय वर्मा ने आप के नितिन त्यागी को हराया। 2015 में त्यागी आप के टिकट पर 4846 के करीबी अंतर से जीते थे।
जिन सीटों पर सबसे ज्यादा मतदान हुआ
सीलमपुर 71.04% वोटिंग हुई। आप के अब्दुल रहमान ने भाजपा के कौशल कुमार मिश्र को 36920 वोट से हराया।
मुस्तफाबाद 70.55 % वोटिंग हुई। आप के हाजी यू?नुस ने भाजपा के जगदीश प्रधान को 20704 वोट से मात दी।
मटिया महल 70.33% वोटिंग हुई। आप के शोएब इकबाल ने भाजपा के रवींद्र गुप्ता को 50241 वोट से हराया।

जहां सबसे कम मतदान रहा
दिल्ली कैंट में 45.28 %वोटिंग हुई। आप के वीरेंद्र कादयान ने भाजपा के मनीष सिंह को 10590 वोट से हराया।
छतरपुर 46.51 % वोटिंग हुई। आप के करतार सिंह ने भाजपा के ब्रह्म सिंह तंवर को 3720 वोट से हराया।
बल्लीमारान 45.39 %वोटिंग हुई। आप के इमरान हुसैन ने भाजपा की लता को 36172 वोट से हराया।
delhi_assembly_elections
मुस्लिम बहुल सीटों पर भाजपा को लगा शाहीन बाग का करंट
दिल्ली का विधानसभा चुनाव विकास के मुद्दे से भटककर शाहीन बाग पर आकर ठहर गया था, जिसका सीधा फायदा आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों को मिला। शुरुआती रुझानों से ही आम आदमी पार्टी ने मुस्लिम बहुल सीटों पर बढ़त बनाए रखी, जबकि कांग्रेस को मुस्लिम वोटरों ने पूरी तरह से नकार दिया। दिल्ली में 12 फीसदी मुस्लिम वोटर हैं। 70 सीटों में से 8 सीटें चांदनी चौक, ओखला, सीलमपुर, मटिया महल, मुस्तफाबाद, बाबरपुर, सीमापुरी और बल्लीमारान मुस्लिम बहुल हैं।

मटिया महल 
इस सीट पर मुस्लिम मतदाताओं की संख्या 48% तक है, जिसका सीधा फायदा आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी शोएब इकबाल को मिला। शोयब इकबाल को कुल पड़े 88570 मतों में से 67282 मत प्राप्त हुए और वह 75 प्रतिशत के भारी मतों से जीत दर्ज की। दूसरे स्थान पर भाजपा के उम्मीदवार रहे और तीसरे नंबर पर कांग्रेस के उम्मीदवार के पक्ष में राहुल गांधी की जनसभा तक काम नहीं आई।

ओखला 
ओखला विधानसभा सीट पर मुस्लिम मतदाताओं की संख्या 43% तक है। इस सीट पर आम आदमी पार्टी के अमानतुल्ला खान 123290 भारी मतों से जीत गए। इस सीट पर कुल 178774 मत पड़े थे। वहीं भाजपा के ब्रह्म सिंह दूसरे नंबर पर रहें। इस सीट पर पूरी दिल्ली का चुनाव केंद्रीत था, क्योंकि शाहीन बाग का प्रदर्शन यहां किया जा रहा था। इसे लेकर भाजपा के बड़े नेताओं ने एक से एक विवादित बयान दिये, जिसे मतदाताओं ने सीरे से नकार दिया।

चांदनी चौक 
चांदनी चौक विधानसभा सीट पर मुस्लिम मतदाताओं की संख्या 20% तक है। पिछली बार आम आदमी पार्टी से अलका लांबा ने इस दफा पाला बदलकर कांग्रेस के टिकट पर चुनावी मैदान में थी। लेकिन मुस्लिम मतदाताओं ने आप के उम्मीदार प्रह्लाद सिंह ने 50891 वोट से जीत दर्ज की है। दूसरे स्थान पर भाजपा के उम्मीदावर सुमन कुमार गुप्ता रहें। इस विधानसभा में कुल 77199 मत पड़े थे।

मुस्तफाबाद
मुस्तफाबाद विधानसभा सीट पर मुस्लिम मतदाताओं की संख्या 36% तक है। यहां से आप से हाजी युनूस ने 98850 मत पाकर जीत दर्ज की है। कुल पड़े 185791 पड़े मतों का ज्यादातक हिस्सा आप के पक्ष में गया है। इस सीट से कांग्रेस पार्टी की तरफ से भी मुस्लिम उम्मीदवार खड़ा किया गया था, लेकिन मुस्लिम मतदाताओं ने कांग्रेस को नकार दिया।

सीलमपुर
सीलमपुर विधानसभा सीट में मुस्लिम मतदाताओं की संख्या 50% तक है। इस सीट से आप के उम्मीदवार अब्दुल रहमान 72694 मतों से विजयी हुए हैं। कांग्रेस के मुस्लिम प्रत्याशी चौधरी मतीन अहमद तीसरे नंबर पर हैं। इस सीट से आप के बड़े नेता गोपाल राय प्रत्याशी थे। कुल 129704 पड़े मतों में ज्यादातर मुस्लिम मत आप के पक्ष मेें गया है।

बल्लीमारान
बल्लीमारान विधानसभा सीट पर मुस्लिम मतदाताओं की संख्या 38% तक है। इस सीट से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी इमरान हुसैन ने 65644 मतों से जीत दर्ज की है। इस विधानसभा में कुल 101532 मत पड़े थे। यहां भी कांग्रेस के बड़े नेता व पूर्व मंत्री हारून युसूफ तीसरे स्थान पर रहे।
election
दलों को मिले वोट

दल    मत प्रतिशत
आप  53.38
भाजपा  38.87
कांग्रेस  4.28
जदयू 0.88
बसपा  0.69
लोजपा  0.32
एनसीपी  0.03
भाकपा 0.02
माकपा 0.01
नोटा  0.46

 

Follow Us
Show More

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: