India Rise Special

भारत का एक ऐसा गांव जहां ग्राम देवता के रूप में पूजे जाते हैं चमगादड़

The India Rise
कोरोना वायरस नामक महामारी ने दुनियाभर में तबाही मचा रखी है। इस बीमारी से पूरी दुनिया में अब तक 24 हजार से भी ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है जबकि संक्रमितों की संख्या पांच लाख से भी अधिक है। लोग इस बीमारी के फैलने की वजह चमगादड़ों को मान रहे हैं, लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि बिहार में एक ऐसा गांव है, जहां लोग चमगादड़ों की पूजा करते हैं। उनका मानना है कि ये चमगादड़ उन्हें महामारी से बचाते हैं।
bat
इस गांव का नाम है सरसई (रामपुर रत्नाकर), जो वैशाली जिले के राजापाकड़ प्रखंड में पड़ता है। यहां के लोग चमगादड़ों को ‘ग्राम देवता’ के रूप में मानते हैं और उनकी पूजा करते हैं। वह इन्हें संपन्नता का प्रतीक मानते हैं। उनका मानना है कि जिस इलाके में चमगादड़ निवास करते हैं, वहां धन की कोई कमी नहीं होती।

सरसई गांव के लोगों का यह भी मानना है कि यहां निवास करने वाले चमगादड़ उनके पूरे गांव की रक्षा करते हैं और साथ ही उनके ऊपर किसी तरह की विपत्ति नहीं आने देते। यहां तक कि ये उन्हें किसी भी तरह की महामारी से भी बचाते हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि गांव में कोई भी शुभ कार्य करने से पहले लोग चमगादड़ों की पूजा करते हैं, ताकि सब सही-सही हो।

इस गांव में सैकड़ों की संख्या में ये चमगादड़ एक तालाब के किनारे पीपल के पेड़ पर और आसपास के अन्य पेड़ों पर निवास करते हैं। इन चमगादड़ों की वजह से ही यह गांव पूरे इलाके में मशहूर है और लोग दूर-दूर से इन्हें देखने के लिए आते हैं। गांव वालों का कहना है कि अगर रात में कोई बाहरी व्यक्ति इस गांव में आता है तो ये चमगादड़ शोर मचाने लगते हैं जबकि गांव वालों के आने पर ये शांत रहते हैं।

यहां के लोगों का कहना है कि उन्हें नहीं पता कि इस गांव में ये चमगादड़ कब से रह रहे हैं, लेकिन वह एक कहानी सुनाते हैं, जिसके मुताबिक मध्यकाल में एक बार वैशाली जिले में महामारी फैली थी, तब ये चमगादड़ कहीं से उड़कर यहां आ गए और फिर यहीं के होकर रह गए। उनका मानना है कि इन चमगादड़ों की वजह से ही यहां कभी महामारी नहीं फैलती।

Follow Us
Show More

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: