विश्व स्वास्थ्य संगठन के चीफ ने दुनिया को किया आगाह, कहा-खतरनाक है डेल्टा वैरिएंट
मास्क लगाना, सामाजिक दूरी, भीड़भाड़ वाली जगहों से बचना और घरों को हवादार रखने की व्यवस्था जरूरी है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने पूरी दुनिया को कोरोना के डेल्टा वैरिएंट के लिए सजग रहने के लिए कहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रोस अदहानोम गेब्रेयेसस ने आगाह करते हुए कहा कि दुनिया कोविड-19 महामारी खतरनाक समय में है, जिसके डेल्टा जैसे वैरिएंट अधिक संक्रामक हैं। जन स्वास्थ्य और सामाजिक उपाय जैसे कि कड़ी निगरानी, जांच, शुरुआती स्तर पर बीमारी का पता लगाना, पृथक वास और चिकित्सीय देखभाल अब भी महत्वपूर्ण हैं।
महानिदेशक टेड्रोस अदहानोम गेब्रेयेसस ने कहा कि कोई भी देश खतरे से बाहर नहीं है। जिन देशों में कम वैक्सीनेशन हुआ है। वहां फिर से अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। डेल्टा जैसे वैरिएंट अधिक संक्रामक है। कई देशों में तेजी से फैल रहा है। डेल्टा वैरिएंट खतरनाक है। यह बदल रहा है जिस पर लगातार नजर रखने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि डेल्टा वैरिएंट कम से कम 98 देशों में पाया गया है। डब्ल्यूएचओ महानिदेशक ने कहा कि मास्क लगाना, सामाजिक दूरी, भीड़भाड़ वाली जगहों से बचना और घरों को हवादार रखने की व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने दुनियाभर के राज नेताओं से कहा कि वे एक साथ मिलकर यह सुनिश्चित करें कि अगले साल तक हर देश की 70 प्रतिशत आबादी को कोविड-19 रोधी टीका लग जाए।
यह भी पढ़ें: : महिला ने साड़ी में की स्केटिंग, लोगों ने दबाई दांतों तले उंगली