बांका में मधुमक्खी पालन से आत्मनिर्भर बन रही है महिलाएं, जानिए कितनी दीदियाँ उठा रही लाभ
बांका। बिहार के जिला बांका के बेलहर और बौंसी प्रखंड की महिलाएं अब मधुमक्खी पालन कर आत्मनिर्भर बनेगी। इसके लिए उद्यान विभाग द्वारा 25 जीविका दीदियों के बीच 250 मधु बाक्स को बांटा गया है।
जीवका के लाइव हुड स्पेशलिस्ट विपिन साह ने जानकारी देते हुए बताया कि, “कल तक दयनीय व आम जीवन जीने वाली जीविका दीदियों की आय को बढ़ाने के लिए विभाग द्वारा उद्यान विभाग के सहयोग से जीवन को सुधारने का प्रयास किया गया है। इसके लिए जीविका दीदी का चयन कर उन्हें प्रशिक्षण दिया गया था। मधुमक्खी पालन करने के लिए इनका उत्पादक समूह बनाया गया है। इस समूह के माध्यम से मधु बाक्स को माइग्रेट कराया जाएगा।”
बिहार सरकार मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देने के लिए राज्य की महिलाओं को अनुदान राशि दे रही है। विभाग द्वारा एक बाक्स की कीमत चार हजार रुपया तय की गई है। इसपर एससी-एसटी को इसपर 90 फीसद और ओबीसी और सामान्य जाती को 75 फीसद अनुदान दिया जाता है। इस समूह में सभी महिलाएं ओबीसी में आती है। ऐसे में एक बाक्स के लिए उन्हें दस हजार रुपया देना होगा। लेकिन विभाग द्वारा जीविका दीदी से महज दो हजार लिया जा रहा है। शेष राशि जीविका द्वारा दिया जा रहा है।