
मैं मिला तो भाजपा वालों ने आरिफ से सारस छीन लिया: अखिलेश यादव
सपा सुप्रीमो ने कहा- आजम खान का परिवार इसलिए परेशान, क्योंकि वो समाजवादी हैं
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने सपा नेता प्रमोद त्यागी द्वारा लिखित ‘कुंती: अंतर्कथा’ पुस्तक का लोकार्पण किया। साथ ही उन्होंने सारस और आरिफ की दोस्ती का जिक्र किया और तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा पर निशाना साधा है। गौरतलब है कि सारस को सही वातारण न मिलने की बात कहते हुए वन विभाग की टीम ने रायबरेली के समसपुर पक्षी विहार में शिफ्ट कर दिया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि मैं सबसे पहले समाजवादी पार्टी के नेता प्रमोद त्यागी जी का स्वागत करता हूं और उन्हें बधाई देता हूं। आप नेताजी के पुराने साथी और समाजवादी आंदोलन में हमेशा आगे रहे। इसके बाद उन्होंने कहा कि अमेठी के आरिफ को कौन नहीं जानता है। आरिफ ने जो सारस के साथ मित्रता दिखाई, उससे सारस इनका मित्र बन गया। आरिफ ने सारस की सेवा की, जब उसकी टांग टूटी थी। आरिफ से सारस इसलिए छीन लिया गया, क्योंकि मैं इनसे मिलने चला गया था। अगर सरकार सारस को छीन रही है तो जो मोर को दाना खिला रहे हैं, उनसे मोर छीन लेना चाहिए।
मैं मिलने गया, इसलिए सारस को छीन लिया: अखिलेश यादव
सपा सुप्रीमो ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा वालों ने मेरे मिलने के बाद सारस को छीन लिया। सारस का संरक्षण केंद्र इटावा में बन रहा था, बीजेपी वाले वो भी छीन ले गए। भाजपा वाले पर्यावरण के लिए कुछ नहीं करेंगे। ये लोग सारस को कैद कर रहे हैं उसे जेल में बंद कर रहे हैं। सदन में जो मुख्यमंत्री झूठ बोलते हों, उनसे क्या उम्मीद करें कि सारस को खुला छोड़ देंगे।
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि आजम खान का परिवार इसलिए परेशान है, क्योंकि वो समाजवादी हैं। अधिकारियों से हम कहेंगे कि मन भर लो, लेकिन इसका क्या संदेश जा रहा है? जो लोग डेमोक्रेसी की बात करते हैं, ये लोग संविधान को खत्म करने का काम कर रहे हैं। गोमती में देखिए, कैसे नाले गिर रहे हैं। मैं कहता हूं कि गोमती का मॉडल ही अंतोगत्वा आपको फॉलो करना पड़ेगा। गंगा एक्शन प्लान- 1 या 2। आपको यही फॉलो करना होगा। ये तभी होगा, जब एक भी नाला यहां न गिरे।
पेड़ लगाने को लेकर सरकार पर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने कहा कि इन्वेस्टमेंट मीट में पेड़ नहीं लगाया। जो पेड़ लगाए, वो गमले भाजपा के लोग चोरी कर ले गए। इनकी सरकार जब से आई है, इन्होंने पेड़ कटवाए हैं। हमने एक हजार एकड़ में 1.36 लाख पेड़ लगाए थे। ये पेड़ मैंने और नेताजी ने लगाए थे। आप इटावा लायन सफारी के सामने ये पेड़ देख सकते हैं। सरकार कह रही है कि उसने 150 करोड़ पेड़ लगवा दिए, उसके लिए जमीन कहां है? एक साल की बात कर रहे हो, आज छह साल हो गए। सरकार छह साल का हिसाब-किताब दे। पहले दूध, डीजल-पेट्रोल की कीमत क्या थी, आज क्या है?
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की बर्बादी के लिए जिम्मेदार मुख्यमंत्री हैं, पर्यटन मंत्री नहीं हैं। ये किसान के दुश्मन हैं। क्या किसी किसान का आलू खरीदा इन्होंने? प्राइवेट कंपनियों को गेहूं खरीदवा रहे हैं, क्योंकि कल इनको मुनाफा लेना है। ये आम आदमी के दुश्मन हैं। किसानों के दुश्मन हैं। सदन में कहते हैं कि एक हजार से आलू खरीदेंगे।