TrendingUttar Pradesh
वाराणसी: पीएम मोदी के कृतित्व पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे सीएम योगी
मन की बात एवं 11 स्केच पीएम मोदी के मन की बात पुस्तक से शामिल की गयी है।
वाराणसी: काशी के सांसद व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी आगामी 11 नवंबर से लेकर 17 नवंबर तक रुद्राक्ष अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर नगर निगम के पास सिगरा वाराणसी में आयोजित की गयी है। रोजाना सुबह 9 से लेकर शाम को 5 बजे तक आयोजित इस प्रदर्शनी में 55 चित्रों के माध्यम से पीएम मोदी के व्यक्तित्व व कृतित्व को उकेरा गया है। भारत के विख्यात चित्रकार अकबर साहब द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व कृतित्व पर आधारित इस चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन 11 नवंबर को सुबह 10:30 बजे रुद्राक्ष अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं भारत सरकार के कैबिनेट मंत्री सर्बानंद सोनोवाल करेंगे।
उक्त जानकारी भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव ने सर्किट हाऊस में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी। 1963 में जन्में अकबर साहब एक भारतीय कलाकार है जो अब दुबई में रहते हैं। अकबर साहब ने इन चित्रों में गुजरात से लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विश्व नेता बनने तक के सफर को कैनवास पर खूबसूरती से उकेरा है। इन पेंटिंग की खास बात ये है कि इनमें जीएसटी,विमुद्रीकरण और सर्जिकल स्ट्राइक जैसे प्रमुख नीतिगत फैसलों को भी जगह दी गयी है। इन चित्रों में नरेन्द्र मोदी के सामने आने वाली चुनौतियों और उनकी उपलब्धियों को भी बखूबी दर्शाया गया है। अपने असाधारण चित्रों के साथ अकबर साहब का एक मात्र उद्देश्य भारतीयों को उनके सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करना है।

आयल और एक्रिलिक रंगों से बनी इन पेंटिंग में गुजरात के एक छोटे से शहर में चाय बेचने वाले एक युवा लड़के से लेकर दुनियां के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रधानमंत्री बनने की साहसी यात्रा का एक दस्तावेज है। इन पेंटिंग में 12 पेंटिंग पीएम मोदी की जीवन से सम्बन्धित, 32 पेंटिंग पीएम मोदी के “मन की बात एवं 11 स्केच पीएम मोदी के मन की बात पुस्तक से शामिल की गयी है।