धर्मांतरण को रोकने के लिए उत्तराखंड में भी होगा सख्त कानून: शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय
धर्मांतरण के मुद्दे पर गरमाई सियासत। शिक्षा मंत्री ने मतांतरण पर जताया कड़ा रुख। प्रदेश में मतांतरण को रोकने के लिए बनेगा सख्त कानून
देहरादून। धर्मांतरण के मुद्दे पर इस वक्त देश भर की सियासत गरमाई हुई है। इस मसले पर अब उत्तराखंड के सियासत में भी गर्मा-गर्मी बढ़ गई है। इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए प्रदेश के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने कहा कि उत्तराखंड में भी धर्मांतरण पर रोक के लिए सख्त कानून बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज को भी जबरन मतांतरण के खिलाफ आगे आना चाहिए।
शिक्षा मंत्री ने मतांतरण पर जताया कड़ा विरोध:
शिक्षा मंत्री ने इसकी निंदा करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाना चाहिए। समाज को भी ऐसे मामलों में जागरूकता दिखाते हुए धर्मांतरण के विरोध के लिए आगे आना चाहिए। किसी को भी एक-दूसरे मत के साथ खिलवाड़ की इजाजत नहीं दी जा सकती। इस पर सख्त रुख बेहद जरूरी है। उन्होंने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि वह उत्तराखंड में भी मतांतरण रोकने के लिए कानून बनाने के पक्ष में हैं।
उन्होंने कहा कि लव जिहाद पर रोक लगाने के लिए पुरजोर प्रयास किया जायेगा। जबरन मतांतरण की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए। आपको बता दें कि हाल ही में कश्मीर में हुए सिख लड़कियों के जबरन मतांतरण से दिल्ली के सिखों से लेकर देश की जनता में भारी आक्रोश है। जिसके बाद सभी ने मिलकर सरकार से इस मामले में न्याय की गुहार लगाई है।
यह भी पढ़ें: UP : कानपुर देहात में दुष्कर्म के बाद किशोरी की हत्या कर शव जलाया