
उत्तराखंड नगर निगम का खास फैसला, स्वतंत्रता सेनानियों को मिलेगी इन चीजों में छूट
उत्तराखंड। उत्तराखंड नगर निगम ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान में हाउस टैक्स में छूट प्रदान की है। इसको लेकर बहुत जल्द ही शासन की पत्र भी भेज दिया जाएगा। नगर निगम द्वारा ये घोषणा बीते शुक्रवार की गई थीं । दरअसल , स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व.जोगाराम आर्य की 100 वीं जयंती पर नगर निगम सभागार में सोशल जस्टिस फाउंडेशन और स्वतंत्रता सेनानी व उत्तराधिकारी कल्याण परिषद की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर मेयर सुनील उनियाल गामा शामिल हुए थे। इसी दौरान यह फैसला भी लिया गया।
इस आयोजन में विशिष्ट अतिथि व पूर्व नेता प्रतिपक्ष नगर निगम अशोक वर्मा ने मेयर सुनील उनियाल गामा को अवगत करवाया कि पूर्व में नगर निगम बोर्ड ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके उत्तराधिकारियों को छूट देने का प्रस्ताव पास कर सरकार को भेजा था। हालांकि अभी तक यह छूट प्राप्त नहीं हुई। ऐसे में मौजूदा बोर्ड के माध्यम से छूट का प्रावधान लागू हो सकता है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नक्शे कदम पर चलने की बात कही। उन्होंने कहा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. जोगाराम आर्य ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। कार्यक्रम में श्री देव सुमन संस्था के अध्यक्ष डॉ एमआर सकलानी के द्वारा संपादित सुमन सुधा पुस्तक का विमोचन किया गया।
नगर निगम सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन संदीप शास्त्री और मुकेश नारायण शर्मा ने किया। इस दौरान डॉ अतुल शर्मा, सुशील त्यागी, जया शुक्ला, समर भंडारी, डॉ एमआर सकलानी, सीमा देवी, हरदेई, पूर्णा नेगी, एसपी चौहान, मुकेश नारायण शर्मा, संदीप शास्त्री, महिपाल सिंह, रेखा शर्मा, राजेश शर्मा, अवधेश पंत आदि को सम्मानित किया गया।