TrendingUttar Pradesh

UP: देश के लिए मजबूत कांग्रेस जरूरी- शशि थरूर

प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के सभी सदस्यों से वोट देने की अपील की

यूपी संगठन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के सदस्यों का मनोनयन

शशि थरूर ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के सभी सदस्यों से वोट देने की अपील की

लखनऊ: कांग्रेस पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 17 अक्टूबर यानी कल मतदान सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक किया जाएगा। इससे ठीक एक दिन पहले रविवार को अध्यक्ष पद के प्रत्‍याशी शशि थरूर अपने प्रचार के लिए लखनऊ पहुंचे। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्यों से बातचीत की।

शशि थरूर ने कहा कि पहले ही वह लखनऊ आना चाहते थे, लेकिन सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के कारण नहीं आ सके। इस दौरान उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के सभी सदस्यों से वोट देने की अपील की। थरूर ने कहा कि देश के लोकतंत्र के लिए कांग्रेस जरूरी है। पार्टी का भविष्य यह चुनाव तय करेगा। कांग्रेस को हम भविष्य के लिए तैयार करेंगे। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 22 साल से चुनाव नहीं हुआ और जब राहुल गांधी ने तय किया कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगे उस वक्‍त मैंने लड़ने का फैसला लिया।

पार्टी मुश्किल में है और भविष्‍य के लिए बदलाव जरूरी

कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता शशि थरूर ने कहा कि पार्टी मुश्किल में है और कई वरिष्ठ नेता पार्टी छोड़कर चले गए। उनका भी भरोसा कुछ कमजोर हुआ है। देश के लिए मजबूत कांग्रेस जरूरी है और हम दिखाना चाहते हैं कि पार्टी भविष्य के लिए बदलाव आत्मसात कर सकती है। उन्‍होंने कहा कि राजीव गांधी और इंदिरा गांधी की हत्या के बाद भी कांग्रेस ने दिखाया कि वह देश चला सकती है।

थरूर ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की आवाज उठाना जरूरी है। नामांकन से पहले मैं पार्टी की वर्तमान अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने गया था। उन्होंने सहमति दी और उन्होंने मुझे लड़ने को कहा। उन्‍होंने ये भी बताया कि हमारा कोई आधिकारिक प्रत्याशी नहीं होगा। गांधी परिवार चाहता है कि लोग अपनी इच्छा से अपना अध्यक्ष चुनें। कांग्रेस के लिए यह चुनाव भी अच्छा है। अगर गांधी परिवार चाहता है कि लोग चुनें तो यह ठीक ही है।

खड़गे के बारे में कही ये बात

प्रतिद्वंद्वी प्रत्‍याशी मल्लिकार्जुन खड़गे के बारे में शशि थरूर ने कहा कि हम एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। उनके साथ मैंने काम किया है। उन्हें संसदीय राजनीति का लंबा अनुभव है। हम दोनों के काम करने का तरीका अलग है।

गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर दोनों प्रत्‍याशी हैं। खड़गे ने बीती 12 अक्टूबर को लखनऊ आकर पीसीसी सदस्यों व पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की और अपने पक्ष में वोट मांगे। थरूर रविवार को यहां आए।

कांग्रेस सदस्‍य ऐसे करेंगे मतदान

बीते दिनों ही कांग्रेस में अध्यक्ष पद के चुनाव के मद्देनजर यूपी संगठन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के सदस्यों का मनोनयन हुआ है। इनकी संख्या 1257 बताई जा रही है। ये पीसीसी सदस्य ही अध्यक्ष के चुनाव में अपना वोट डालेंगे। एआईसीसी के भी सदस्य दिल्ली मुख्यालय में मतदान करेंगे। इसके अलावा राहुल गांधी के साथ ‘भारत जोड़ो’ यात्रा में चल रहे 46 मतदाता कल जहां वो होंगे, उस प्रदेश में वोट करेंगे। यूपीसीसी के जो सदस्य चुनाव करवाने बाहर प्रदेशों में भेजे गए हैं, वो वहीं वोट करेंगे। चुनाव पर नजर रखने के लिए केंद्रीय चुनाव अधिकारी मधुसूदन मिस्त्री ने राजस्थान में पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व नेता विपक्ष रामेश्वर लाल डूडी को यूपी में पर्यवेक्षक बनाया है।

Follow Us
Show More

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: