
फतेहपुर: खागा विधानसभा से लगातार चुनी जा रहीं विधायक कृष्णा पासवान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही मंत्री पद की शपथ ले सकती हैं। 2022 विधानसभा चुनाव में खागा की जनता ने चौथी बार कृष्णा पासवान को अपना जनप्रतिनिधि चुना है। उल्लेखनीय है कि 25 मार्च को योगी आदित्यनाथ 50 से अधिक मंत्रियों के साथ दोबारा मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। शहीद पथ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित सैकड़ों वीवीआईपी के शामिल होने की संभावना है।
कृष्णा पासवान का नाम फतेहपुर जिले के साथ ही भाजपा के लिए भी बेहद खास जाना पहचाना नाम है। क्योंकि, कृष्णा पासवान तब से भारतीय जनता पार्टी को जीत दिलाती चली आ रही हैं, जब प्रदेश के साथ ही जिले में भी भाजपा का अस्तित्व सीमित था। सरकार चाहे समाजवादी पार्टी की रही हो या फिर बहुजन समाज पार्टी की, लेकिन विधायक के रूप में खागा से कृष्णा पासवान ही जीत दर्ज करती रही हैं।
2012 और 2017 में भी लहराया था परचम
कृष्णा पासवान के राजनीतिक अतीत की बात की जाए तो वर्ष 2012 में विधानसभा चुनाव में उन्होंने जीत हासिल की थी। एक ओर जहां प्रदेश भर से भाजपा उम्मीदवार हार का मुंह देख रहे थे तो वहीं, कृष्णा पासवान ने खागा विधानसभा सीट से भाजपा को 33.68 प्रतिशत वोट दिलवाते हुए जीत दर्ज की थी। उन्होंने तत्कालीन बसपा विधायक और प्रत्याशी मुरलीधर को हराकर सनसनी मचा दी थी। इसी तरह वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में कृष्णा पासवान ने कांग्रेस के उम्मीदवार ओमप्रकाश गिहार को बड़े अंतर से हरा दिया। उन्हें 94 हजार 954 मत मिले थे तो वहीं, कांग्रेस के ओम प्रकाश गिहार को 38 हजार 520 मत प्राप्त हुए थे। इस तरह उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार को 56 हजार के भारी अंतर से हराया।