लखनऊ: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी धीरज गुर्जर ने सोमवार को पार्टी कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस की। इसमें नकुल दुबे और पीएल पुनिया भी मौजूद रहे। इस दौरान राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मसूद अहमद ने अपने साथियों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ली।
कांग्रेस की सदस्यता लेने के बाद डॉ. मसूद अहमद ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की जड़े मजबूत करूंगा। मैं कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ रहा हूं और जनता के मुद्दों को उठाना ही कांग्रेस का उद्देश्य रहा है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी और राहुल गांधी जैसे जोशीले युवाओं के नेतृत्व और मार्गदर्शन में काम करना सौभाग्य की बात है। आगे की लड़ाई कठिन है, लेकिन हम लड़ेंगे।
बड़ी खबर: योगी के मंत्री राकेश सचान को एक साल की सजा
भाजपा सरकार में हिटलरशाही का माहौल
भाजपा सरकार को घेरते हुए डॉ. मसूद ने कहा कि भ्रष्टाचार, महंगाई, महिलाओं का उत्पीड़न, बेरोजगारी, देश और प्रदेश की संपत्ति बिक रही है। यूपी और देश का हर व्यक्ति ये समझ चुका है कि उसकी जेब ढीली हो रही। लोगों में खौफ है। सच बोलने पर जेल भेज दिया जाएगा, मुकदमे लिख दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने खौफ का माहौल पैदा कर दिया है। संविधान खतरे में है। लोकतंत्र खत्म होने की कगार पर है, हिटलरशाही का माहौल है। राहुल और प्रियंका ने लड़ाई की शुरुआत कर दी है। आज जुल्मी सरकार के खिलाफ कोई लड़ रहा है तो वो कांग्रेस ही है। मैं इस लड़ाई में कांग्रेस का साथ दूंगा।
सपा-बसपा पर भी साधा निशाना
विपक्षी पार्टियों डॉ. मसूद अहमद ने कहा कि मुस्लिम समाज ने समाजवादी पार्टी को वोट दिया। बिना सोचे-समझे वोट दिया और क्या मिला। बसपा सुप्रीमो के बारे में कहा कि मायावती, बीजेपी की टीम हैं। दलित और मुसलमानों से कहना चाहूंगा की अंधभक्ति छोड़ो। लड़ाई कठिन है, इसमें सभी का साथ जरूरी है। इस देश को कांग्रेस ने बहुत कुछ दिया है। हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी से मेरी अपील है की देश के संविधान की रक्षा के लिए राहुल और प्रियंका गांधी का साथ दो।