
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में सत्ता बनाए रखने के लिए भारतीय जनता पार्टी रविवार को यानी आज पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र जारी करने वाली थी, लेकिन अब यह कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। भाजपा कार्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने दो मिनट का मौन रखकर स्वर कोकिला लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि दी। हालांकि, बाकी सभी कार्यक्रम यथावत रहेंंगे।
जल्द घोषित की जाएगी अगली तिथि
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि लता मंगेशकर जी का आकस्मिक निधन हो गया है। आज देश के लिए शोक का विषय है, यह देश के लिए अपूर्णीय छति है। इसलिए घोषणा पत्र का कार्यक्रम स्थगित किया गया है। अगली तिथि की घोषणा की जाएगी।
इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, प्रदेश सीएम योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। आज भाजपा जिस संकल्प पत्र को जारी करने वाली थी, उसका नाम ‘लोक कल्याण संकल्प पत्र’ दिया गया है। बता दें कि सीएम योगी ने चार फरवरी को गोरखपुर से नामांकन करने के बाद कहा था कि प्रदेश के लिए ‘लोक कल्याण संकल्प पत्र’ छह फरवरी को जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा था कि बीजेपी राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन के मुद्दे पर इस चुनाव में उतर रही है।