
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश में होने वाले विधासनभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। चुनावी बिगुल बजने के साथ ही सियासी उठापटक भी शुरू हो गई है। कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में शामिल इमरान मसूद के सपा में जाने के ऐलान के बाद अब उनके जुड़वा भाई नौमान मसूद ने रालोद का साथ छोड़कर हाथी पर सवार होने का मन बना लिया है।
नोमान दो बार गंगोह विधानसभा सीट से चुनाव लड़े और दोनों बार हारे। उनकी पहले भी बसपा में शामिल होने की चर्चा थी, लेकिन वह किसान आंदोलन के दौरान रालोद में शामिल हो गए थे। अब उन्होंने रालोद को अपने लिए सही जगह न मानकर बसपा में शामिल हो गए हैं।
गौरतलब है कि, गंगोह सीट से नोमान मसूद ने 2017 में कांग्रेस के टिकट से चुनाव लड़ा था। लेकिन हार गए थे। उन्हें बीजेपी के प्रदीप चौधरी ने करीब 38 हजार वोटों से हराया था। तब कांग्रेस और सपा का गठबंधन था। लेकिन इस सीट पर सपा के प्रत्याशी ने भी ताल ठोकी थी।
आपको बता दें कि, नोमान के भाई और कांग्रेस के राष्टीय सचिव इमरान मसूद ने भी समाजवादी पार्टी में जाने का फैसला किया है। इमरान मसूद कुछ दिन पहले अखिलेश यादव से भी मिले थे। जिसके बाद ये कयास लगाए जा रहे थे कि, जल्द ही इमरान सपा का दामन थामेंगे। जिसकी तस्वीर साफ हो गई है।