
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के लिए कांग्रेस ने बुधवार को ‘उन्नति विधान घोषणा पत्र’ नाम से यूपी के लिए अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया है। राजधानी स्थित प्रदेश कार्यालय में यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी, प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, सुप्रिया श्रीनेत, आराधना मिश्रा, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, सलमान खुर्शीद समेत कई पदाधिकारियों की मौजूदगी में उन्नति विधान पत्र जारी किया गया है।
इस मौके पर यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि हमें पूरा भरोसा है कि कांग्रेस पार्टी सरकार बनाने जा रही है। पिछले दिनों, सबसे पहले हमने महिलाओं के लिए प्रतिज्ञा जारी की, फिर युवाओं के लिए प्रतिज्ञा जारी की। आज हम समस्त प्रदेश के लिए आपके सामने नई प्रतिज्ञाएं सामने लाए हैं। उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र सभी पार्टियां निकालती हैं लेकिन, हमने प्रियंका जी के निर्देश पर जनता से संवाद किया, सभी जनपदों में पहुंचे, बहुत से लोगों के साथ चर्चाएं कीं, विशेषज्ञों की राय ली, विभिन्न समूहों और आम जनता से बात की। इसके बाद हमारा उन्नति विधान तैयार हुआ है।
प्रियंका गांधी ने भाजपा के घोषणा पत्र पर साधा निशाना
इससे पहले महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने बीजेपी के ‘लोक कल्याण संकल्प पत्र 2022’ का नाम ‘धोखा पत्र’ रखने की सलाह दी। यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने बुधवार को ट्वीट करते हुए लिखा, भाजपा को अपने “घोषणा पत्र” का नाम धोखा पत्र रखना चाहिए। 70 सालों की रट लगाने वाली भाजपा 5 सालों में अपने घोषणापत्र के 1/4 वादे भी नहीं पूरे कर पाई। न 5 सालों के काम का हिसाब, न ही भविष्य निर्माण का कोई विजन, इसलिए कांग्रेस की प्रतिज्ञाओं को कॉपी-पेस्ट करके अपना काम चला रही है।