![](/wp-content/uploads/2022/02/mimi.jpg)
बुलंदशहर। विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए गुरुवार को जिले में कई सियासी महारथी आ रहे हैं। जिले का सियासी तापमान गुरुवार को काफी गरम होगा। विभिन्नि दलों के चार दिग्गज नेता मतदाताओं को रिझाने का प्रयास करेंगे। गृहमंत्री अमित शाह जहांगीराबाद और डिबाई में जनसभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी जहांगीराबाद में जनसंपर्क करेंगी।
अमित शाह 12 बजे आएंगे जहांगीराबाद
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को दोपहर 12 बजे जहांगीराबाद और 12.50 बजे डिबाई पहुंचेंगे। अनूपशहर से भाजपा प्रत्याशी संजय शर्मा के प्रचार के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हेलीकॉप्टर से पहुंचकर नवीन अनाज मंडी जहांगीराबाद में जनसभा को संबोधित करेंगे। करीब 45 मिनट बाद वह डिबाई के लिए रवाना होंगे। डिबाई के कुबेर इंटर कालेज के मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे।
अखिलेश और जयंत सुबह 11 बजे पुलिस लाइन पहुंचेंगे
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सीएम अखिलेश यादव और रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी का हेलीकॉप्टर सुबह 11 बजे पुलिस लाइन हैलीपेड पर उतरेगा। सुबह 11.30 बजे वह डीएम रोड पर संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। दोपहर 12 बजे जनसंपर्क करते हुए कालाआम चौराहा, धमेड़ा अड्डा, अगौता, स्याना विधानसभा के सैदपुर, बीबीनगर, गांव सठला, चितसोना, स्याना, अनूपशहर विधानसभा के लखावटी, औरंगाबाद, जहांगीराबाद, शिकारपुर विधानसभा के गांव चांदौक, शिकारपुर कस्बा, खुर्जा विधानसभा के खुर्जा रोड, चौला चौकी, सिकंदराबाद विधानसभा के गांव धनौरा से ककोड़ तक जनसंपर्क करेंगे।
प्रियंका गांधी 12 बजे जहांगीराबाद में जनसंपर्क करेंगी
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी दोपहर 12 बजे जहांगीराबाद में जनसपंर्क करेंगी। इस बाबत अनूपशहर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व विधायक गजेंद्र सिंह ने बताया कि प्रियंका गांधी चांदौक से रोड शो करते हुए जहांगीराबाद में पहुंचेंगी।