
लखनऊ: उत्तर प्रदेश चुनाव 2022 को लेकर भारतीय जनता पार्टी लगातार डोर टू डोर और प्रेस वार्ता करके जनता को अपनी उपलब्धियां बताने में जुटी हुई है। साथ ही विपक्षी पार्टियों पर भी लगातार निशाना साधा जा रहा है। इसी क्रम में हाल ही में भाजपा में शामिल हुईं सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव ने प्रेस वार्ता की है।
भाजपा नेत्री अपर्णा यादव ने कहा कि बदलाव तो वर्ष 2017 में हुआ, जब यूपी खतरे में था। जनता ने भाजपा को जिताया तो असली बदलाव आया, क्योंकि हमारे पास संकल्प और अच्छी नीयत दोनों थीं। पांच साल में एक भी घोटाला नहीं हुआ, एक भी दंगा नहीं हुआ। इसी दौरान 47 हजार से ज्यादा भूमाफिया और गुंडे जेल में हैं। 2000 करोड़ की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चला।
भाजपा सरकार की तारीफ
भाजपा की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा, युवाओं-नौजवानों को बिना सिफारिश नौकरी मिली है। आज यूपी में 59 मेडिकल कॉलेज हो गए हैं। हर गरीब को आयुष्मान का स्वास्थ रक्षा कवच मिल रहा है। पांच साल में 43 लाख लोगों को पक्का घर मिला। 2.5 करोड़ शौचालय, 2 करोड़ गैस कनेक्शन, 1.41 करोड़ लोगों को बिजली कनेक्शन मिला और 15 करोड़ लोगों को डबल राशन मुफ्त मिल रहा है।
अपर्णा यादव ने कहा कि अब बहू-बेटियों को डर नहीं लगता, क्योंकि यूपी में बीजेपी की सरकार है। अपराधी पलायन कर गए हैं क्योंकि यूपी में बीजेपी की सरकार है। गुंडाराज, भ्रष्टाचार, दंगाराज से मुक्त प्रदेश भाजपा की सरकार में है। एक और बात कांग्रेस के टिकट पर केवल यूपी में ही लड़की लड़ सकती है। पंजाब में कांग्रेस की महिला अध्यक्ष भी अब सवाल उठा रही है। वहां महिला कांग्रेस की 12 कार्यकर्ताओं ने टिकट आंग था, एक को भी नहीं मिला। प्रियंका जी आप कैसे लड़की को लड़वाएंगी।