UP Election 2022: केशव मौर्या के सामने मैदान में होंगी पल्लवी पटेल
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर समाजवादी पार्टी ने बुधवार को तीन और उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी छोड़कर सपा में आए स्वामी प्रसाद मौर्य को कुशीनगर में फाजिलनगर सीट से टिकट मिला है। वहीं, सपा ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के खिलाफ पल्लवी पटेल को उतारा है।
पल्लवी अपना दल (कमेरावादी) की अध्यक्ष कृष्णा पटेल की छोटी बेटी और केंद्र में मंत्री अनुप्रिया पटेल की छोटी बहन हैं। सिराथू से शीतला प्रसाद पटेल वर्तमान में बीजेपी विधायक हैं। शीतला प्रसाद पटेल का टिकट डिप्टी सीएम के चुनाव लड़ने के चलते काट दिया गया है। वहीं, सपा ने पल्लवी पटेल को सिराथू से टिकट देकर पटेल बिरादरी में सेंध लगाने का प्रयास किया है।
अभिषेक मिश्रा को सरोजनीनगर से टिकट
इसके अलावा समाजवादी पार्टी ने पूर्व कैबिनेट मंत्री अभिषेक मिश्रा को सरोजिनी नगर से टिकट दिया है। अभिषेक मिश्रा सपा के राष्ट्रीय सचिव और राष्ट्रीय प्रवक्ता भी हैं।