
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा, मंत्री सुरेश खन्ना और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह मौजूद रहे। यह ‘लोक कल्याण संकल्प पत्र’ राजधानी के गोमती नगर में स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में जारी किया गया।
यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने अपने संबोधन में दावा किया कि योगी सरकार ने पूरी ईमानदारी और निष्ठा से जनता से किए वादे पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि आगे भी भाजपा इसी तरह जनता के हित के लिए काम करती रहेगी। वहीं, मेनिफेस्टो कमिटी के अध्यक्ष सुरेश खन्ना ने कहा, प्रदेश के 24 करोड़ लोगों की सेवा का उद्देश्य सामने रखकर इस लोक कल्याण संकल्प-पत्र को पूरा किया गया है। उन्होंने संकल्प-पत्र के निर्माण में लगे लोगों और प्रक्रिया का परिचय देते हुए कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर नहीं है और यह जान कर ही यूपी की जनता ने भाजपा को कई तरह के सुझाव दिए।
छात्राओं को स्कूटी और छात्रों को लैपटॉप
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चुनावी घोषणा पत्र को सबके सामने रखा। पार्टी ने इस घोषणा पत्र का नाम ‘लोक कल्याण संकल्प पत्र’ रखा है। अमित शाह ने कहा कि हमने यूपी में अलग-अलग वर्गों के बीच जाकर उनकी राय ली है। बीजेपी कार्यकर्ता गांव-गांव, शहर-शहर घूम कर लोगों के बीच काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, छात्राओं को स्कूटी और छात्रों को लैपटॉप दिया जाएगा। साथ ही उज्ज्वला योजना के तहत तीन मुफ्त सिलेंडर हर वर्ष दिए जाएंगे। सीमांत और छोटे किसानों के लिए दोगनी किसान सम्मान निधि दिया जाएगा।