
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के लिए कांग्रेस ने बुधवार देर रात 27 प्रत्याशियों की एक और लिस्ट जारी की। इसमें छह सीटों पर पहले से घोषित प्रत्याशियों को हटाकर उनकी जगह नए चेहरों को मैदान में उतारा है। बदलाव वाली सीटों में लखनऊ पूर्व, बाराबंकी, कुर्सी, खलीलाबाद, भिनगा, पिपराइच और मऊ शामिल हैं। लिस्ट में कांग्रेस की ओर से 11 महिला और पांच मुस्लिम कैंडिडेट घोषित किए गए हैं।
कांग्रेस ने लखनऊ पूर्व में पहले पंकज तिवारी को टिकट दिया गया था। लेकिन, लंबे समय से उत्तरी विधानसभा से तैयारी में जुटे पंकज के पूर्वी से जीतने पर संशय जताया जा रहा था। अब पार्टी ने पूर्वी से उनकी जगह मनोज तिवारी को प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस ने नई लिस्ट में लखनऊ पूर्व से मनोज तिवारी, रायबरेली से मनीष सिंह चौहान, सिराथू से सीमा देवी, कुर्सी से उर्मिला पटेल को प्रत्याशी बनाया है। पहले इस सीट पर जमील अहमद को टिकट दिया गया था।
बाराबंकी में गौरी यादव की जगह रूही अरशद को टिकट
वहीं, बाराबंकी में गौरी यादव की जगह अब रूही अरशद को पार्टी ने प्रत्याशी घोषित किया गया है। गोसाईगंज में शारदा जायसवाल, भिनगा में वंदना शर्मा की जगह गजाला चौधरी को पार्टी ने टिकट दिया है। बता दें कि वंदना की उम्र को लेकर सवाल खड़े हो रहे थे।