
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 से पहले कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। प्रदेश में चुनाव के तीसरे चरण का नामांकन शुरू हो गया है। लेकिन, इसकी शुरुआत कांग्रेस के बड़े नेता आरपीएन सिंह के इस्तीफे के साथ हुई। मिली जानकारी के मुताबिक, यूपी कांग्रेस के बड़े नेता आरपीएन सिंह भाजपा में शामिल होंगे। सबसे खास बात यह कि पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह को सोमवार को आई कांग्रेस के स्टार प्रचारक में शामिल है।
सूत्र बताते हैं कि यूपी विधानसभा चुनाव में आरपीएन सिंह को बीजेपी कुशीनगर क्षेत्र से प्रत्याशी भी बना सकती है। सूत्रों की मानें तो बीते दिनों पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। आरपीएन सिंह बीते दो महीने से यूपी चुनाव में सक्रिय नहीं दिख रहे हैं। भाजपा आरपीएन सिंह को यूपी सरकार से इस्तीफा देकर सपा में गए पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ मैदान में उतार सकती है।
राजा साहब कहे जाते हैं आरपीएन सिंह
बता दें कि कुंवर रतनजीत प्रताप नारायण सिंह (आरपीएन सिंह) को यूपी के पडरौना का राजा साहब कहा जाता है। वह इसी नाम से प्रसिद्ध हैं। पडरौना बहुत प्रसिद्ध जगह है, यहां भगवान बुद्ध ने आखिरी बार भोजन किया था और भगवान राम ने भी कुछ दिन बिताए थे। यह क्षेत्र यूपी के कुशीनगर जिले के अंदर आता है।
आरपीएन सिंह वर्ष 2019 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की टिकट पर कुशीनगर से ही ताल ठोंकते रहे हैं। आरपीएन सिंह का जन्म 25 अप्रैल, 1964 को दिल्ली में हुआ था। वह कुशीनगर के क्षत्रिय परिवार से हैं। वर्ष 2002 में उन्होंने पत्रकार सोनिया सिंह से शादी की। आरपीएन सिंह और सोनिया की तीन बेटियां हैं। आरपीएन के पिता कुंवर सीपीएन सिंह कुशीनगर से सांसद थे। वह सन् 1980 में इंदिरा गांधी कैबिनेट में रक्षा राज्यमंत्री भी रहे।