
मैनपुरी: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने करहल विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया। नामांकन के बाद दूसरी बार अखिलेश यादव यहां पहुंचे थे। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, बीजेपी ने जनता को लुभाने के लिए कई वादे किए हैं। लेकिन प्रदेश की जनता इनके लुभावने झांसे में नहीं आएगी। जनता ने बदलाव का मन बना लिया है। इस बार समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।
अखिलेश यादव ने करहल में जनता को संबोधित करते हुए कहा कि, बीजेपी के ट्रांसफॉर्मर को जनता ने उड़ाने का मन बना लिया है। किसान, नौजवान और गरीब आदमी इस सरकार को सत्ता से बेदखल करने का मन बना चुकी है। क्योंकि बीते पांच सालों में इस सरकार ने सिर्फ अपने मन की बात सुनाई है। जनता की बातों को सिर्फ अनसुना किया है। इसलिए जनता भी अब इनको अनसुना करने जा रही है।
सपा मुखिया ने कहा कि नियमों का पालन करते हुए यह कह सकता हूं कि इस चुनाव का सबसे बड़ा अगर कार्यक्रम कहीं हो रहा है तो करहल विधानसभा में हो रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर आईटी के सेक्टर में 22 लाख नौजवानों को नौकरी देने का काम करेंगे। टीईटी, बीएड, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, रोजगार सेवकों की सरकार बनने पर मदद की जाएगी।