आगरा: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ‘समाजवादी विजय यात्रा’ लेकर आगरा पहुंचे हैं। यहां पत्रकारों से बातचीत में रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार के दावे खोखले हैं। आंबेडकर ने नागरिकों को जो अधिकार दिए उन मूल्यों को बचाने के लिए यही गठबंधन उप्र के मतदाताओं के लिए एक विकल्प है। लाठी, बुल्डोजर चलाने से आगरा का विकास नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा, आगरा के नागरिकों को याद दिलाना चाहता हूं कि नागरिक उड्डयन मंत्री रहते हुए कनेक्टिविटी के लिए बहुत प्रयास किए। अखिलेश यादव ने भी बहुत प्रयास किए। पूरे प्रदेश के मानचित्र पर आगरा का एक विशेष महत्व रहेगा। एक करोड़ नौ लाख 2019 में पर्यटक आए थे। आलू का बड़ा क्षेत्र है। आलू किसानों के साथ अन्याय हुआ। मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कहता हूं कि आप हमारी गर्मी निकालने की बात कर रहे हैं। आलू की फिक रहा है। नौजवानों को नौकरी नहीं मिल रही, उनकी गर्मी कैसे निकालोगे।
भाजपा को वोट की चोट देंगे किसान-नौजवान
जयंत चौधरी ने कहा कि किसान और नौजवानों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि पांच साल में जो अन्याय हुआ, ये चुनावी मौका है। मैं बदला शब्द प्रयोग नहीं करूंगा। प्रदेश के किसान और नौजवान चुनाव में वोट की चोट जरूर देंगे। सपा और रालोद गठबंधन की सरकार में आगरा को विकास में प्राथमिकता दी जाएगी।
वहीं, पत्रकार वार्ता में अखिलेश यादव ने कहा कि आगरा और आसपास के लोगों से मेरी अपील है कि इस बार गठबंधन की मदद करें। सभी प्रत्याशियों को ऐतिहासिक जीत दिलाने का काम करें। हम कई समय पर मिले हैं और आगरा न केवल यूपी के लिए बल्कि दुनिया में परिचय है। ताजमहल और कारोबार ने दुनिया में भारत और उप्र की प्रतिष्ठा बनाई है। आगरा मेल-जोल का शहर है। मुझे आगरा में कई बार आने का मौका मिला। दाल में मोंठ मिला दी। बेड़ई जलेबी का मेल जोल आगरा में ही दिखाई देता है। यहां के लोग भी इसी तरह मिलकर रहते हैं। कारोबार हमें जोड़ता है, लेकिन नफरत करने वाले लोगों को इस बार आगरा की जनता रिजेक्ट करेगी। नफरत की राजनीति करने वाले लोगों को सबक सिखाएगी जनता। ये चुनाव लोकतंत्र बचाने का चुनाव है। संविधान बचाने का चुनाव है। हमारा गठबंधन बहुरंगी है। ये एकरंगी लोग संविधान को भी खत्म करना चाहते हैं।