
मिर्जापुर : अपना दल (कमेरावादी) की ओर से प्रत्याशियों की घोषणा के बाद मिर्जापुर में सियासी पारा बढ़ गया है। जिले की दो सीटों चुनार व मड़िहन सीट से प्रत्याशी घोषित करने से के बाद दोनों सीटों पर सपा के दावेदारों में हड़कंप मच गया। जिसे शांत कराने के लिए सपा जिला प्रवक्ता अशोक सिंह मुन्ना को सामने आना पड़ा।
उन्होंने बयान जारी कर कहा कि चुनार और मड़िहान सीट से अभी अधिकृत प्रत्याशियों की कोई आधिकारिक रूप से घोषणा नहीं की गई है। पार्टी के कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों का प्रचार करते रहें। जल्द ही राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा करेंगे। यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में समाजवादी पार्टी और अपना दल (कमेरावादी) के बीच गठबंधन है। जिसमें मिर्जापुर जिले की मड़िहान विधानसभा सीट अपना दल कमेरावादी को मिली है। एक सप्ताह पूर्व अपना दल (के) की डा. पल्लवी पटेल ने यह जानकारी दी थी। जिसके बाद यह कयास लगाया जा रहा था कि पल्लवी पटेल मड़िहान से लड़ सकती हैं, लेकिन सपा ने सूची जारी कर पल्लवी पटेल को सिराथू विधानसभा से प्रत्याशी बनाया। इस पर खूब खींचतान हुई।
अब अपनादल (के) के राष्ट्रीय सचिव व विधानसभा चुनाव प्रभारी डॉ सीएल पटेल ने बुधवार को छह प्रत्याशियों की घोषणा की। इसमें मिर्जापुर की दो सीटों शामिल है। इसमें मड़िहान विधानसभा से अवधेश सिंह पटेल और चुनार विधानसभा से डॉ आरएस पटेल को प्रत्याशी बनाया गया।