
संयुक्त राष्ट्र ने दिया भारत के छोटे फूड इंटरप्राइजेज को पुरस्कार, जानिए इनके बारे में
इस प्रतियोगिता में 135 देशों के लगभग 2,000 व्यवसायों ने भाग लिया और 50 विजेताओं को 100,000 अमेरिकी डॉलर का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
संयुक्त राष्ट्र ने भारत के तीन छोटे फूड इंटरप्राइजेज को ‘सर्वश्रेष्ठ लघु व्यवसाय’ की लिस्ट में शामिल किया है। संयुक्त राष्ट्र ने ये सेहतमंद और पर्यावरण के अनुकूल खाद्य पदार्थ मुहैया कराने वाले ‘सर्वश्रेष्ठ लघु व्यवसाय के विजेताओं में तीन भारतीय कंपनियों को शामिल किया है। यूनाईटेड नेशन ने मंगलवार को इसका ऐलान किया। ये कंपनियां एडिबल रूट्स प्राइवेट लिमिटेड, ओरजा डेवलपमेंट सॉल्यूशंस इंडिया और तरु नेचुरल्स का हैं।
यूनाईटेड नेशन खाद्य प्रणाली शिखर सम्मेलन ने आयोजित ‘सभी के लिए अच्छा भोजन’ प्रतियोगिता आयोजित की, जिसमें सर्वश्रेष्ठ लघु व्यवसाय घोषित किया गया है। संयुक्त संघ ने एक बयान में कहा कि इस प्रतियोगिता में 135 देशों के लगभग 2,000 व्यवसायों ने भाग लिया और 50 विजेताओं को 100,000 अमेरिकी डॉलर का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
भारतीय कंपनियों के बारे में
ओरजा एक कृषि सेवा कंपनी है, जो पर्यावरण के अनुकूल कृषि तथा नवीकरणीय ऊर्जा के लिए काम करती है। कंपनी किसानों को सही कीमत पर स्वच्छ ऊर्जा साधनों को उपलब्ध कराती है। रुचि जैन द्वारा स्थापित तरू नेचुरल्स एंड ऑर्गेनिक्स भारत में 10,000 आदिवासी और छोटे किसानों का एक आंदोलन है, जो सेहतमंद, शुद्ध और जैविक उत्पादों को किसानों से सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाता है।
वहीं कपिल मंडावेवाला द्वारा स्थापित एडिबल रूट्स उपभोक्ताओं को प्राकृतिक और स्थानीय रूप से उगाई गई ताजा कृषि उपज उपलब्ध कराती है। इसके अलावा एडिबल रूट्स लोगों को अपना भोजन खुद उगाने के लिए भी प्रेरित करती है।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: बादल फटने से 40 लोग लापता, गृहमंत्री ने कहा- जान बचाना प्राथमिकता