
राजीव गांधी की आज है 77वीं जयंती, देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री के बारे जानिए दिलचस्प बातें
देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की आज 77वीं जयंती है। वह देश के नौवे प्रधानमंत्री थे। आज कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा कई बड़े नेताओं ने राजीव को श्रद्धांजलि दी है। राजीव के जयंती के मौके पर दिल्ली में आज राजीव के समाधि स्थल वीर भूमि पर कांग्रेस ने कई कार्यक्रम आयोजित किए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट करके राजीव को श्रद्धांजलि दी।
राजीव गांधी के बारे में
राजीव का जन्म 20 अगस्त, 1944 को हुआ था। वह भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के पुत्र और भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के पौत्र थे। 1981 से वह भारत की कांग्रेस पार्टी के अग्रणी महासचिव थे। अपनी मां की हत्या के बाद भारत के प्रधानमंत्री बने।
उन्होंने 40 साल की उम्र में देश के सबसे युवा और नौवें प्रधानमंत्री होने का गौरव प्राप्त किया था। वह 1984 से 1989 तक भारत के प्रधानमंत्री रहें। राजीव एक फ्लाइंग क्लब के मैंबर भी थे जहां से उन्होंने सिविल एविएशन की ट्रेनिंग भी ली थी। 1970 में उन्होंने एक पायलट के तौर पर एयर इंडिया ज्वॉइन किया था ।
उन्हें कांग्रेस पार्टी के यूथ विंग के प्रेसिडेंट के तौर पर 1981 में चुना गया था। उनके नेतृत्व में ही कांग्रेस ने 408 सीटों के बहुमत के साथ केंद्र में सरकार बनाई थी। उन्हें आधुनिक भारत का शिल्पकार कहा जा सकता है। वह पहले ऐसे व्यक्ति थे, जिन्होंने देश में तकनीक के प्रयोग को प्राथमिकता देकर कंप्यूटर के व्यापक प्रयोग पर जोर डाला।
भारत में कंप्यूटर को स्थापित करने के लिए उन्हें कई विरोधों और आरोपों को भी झेलना पड़ा। 21 मई 1991 को चुनाव प्रचार करते हुए ‘लिबरेशन टाइगर्स ऑफ़ तमिल ईलम’ नामक आतंकवादी संगठन के आतंकवादियों ने राजीव गांधी की एक बम विस्फोट में हत्या कर दी।
यह भी पढ़ें- पीएम मोदी ने किया सोमनाथ मंदिर में कई परियोजनाओं का उद्घाटन