PoliticsTrending

देश के इन दिग्गज नेताओं ने नम आँखों से दी मुलायम सिंह को श्रद्धांजलि, सैफई पहुंचे सीएम योगी

लखनऊ : समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने सोमवार सुबह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। 82 वर्षीय मुलायम यूरिन इन्फेक्शन के चलते 26 सितंबर से मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। उनके निधन की जानकारी सपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने ट्विटर हैंडल पर दी। मुलायम की पार्थिव देह सैफई ले जाई जाएगी। मंगलवार को दोपहर तीन बजे उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

मुलायम सिंह यादव के निधन पर योगी कैबिनेट ने उन्‍हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ की अध्यक्षता में नेताजी के निधन पर शोक प्रस्ताव पेश किया गया। कैबिनेट बैठक में अन्य सभी प्रस्ताव स्थगित किए गए और फिर सीएम योगी और सभी मंत्रियों ने शोक व्यक्त किया। मुख्‍यमंत्री योगी ने मुलायम सिंह को श्रद्धांजलि देने के साथ ही उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई। मंगलवार को सीएम योगी मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्‍कार में शामिल होने सैफई जाएंगे। वहीं, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भी नेताजी के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्‍होंने कहा कि नेताजी के निधन से हम सभी दुखी हैं।

सपा कार्यालय में शोकसभा

उधर, समाजवादी पार्टी कर्यालय में शोकसभा आयोजित की गई। इसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल और वरिष्‍ठ नेता राजेंद्र चौधरी समेत तमाम नेता व कार्यकर्ता उपस्थित हुए। सभी ने नेताजी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी और उन्‍हें यादव करते हुए भावुक हो गए। नरेश उत्‍तम पटेल और राजेंद्र चौधरी ने कहा, हम लोग मुलायम सिंह यादव के निधन की खबर पाकर काफी दुखी हैं और समाजवादी पार्टी उनके निधन पर शोक व्यक्त करती है। समाजवादी पार्टी उनकी आत्मा की शांति की कामना करती है। यह देश के लिए अपूरणीय क्षति है।

रो पड़े राम सिंह राणा और अरविंद सिंह गोप

इसके अलावा पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री राम सिंह राणा ने रोते हुए कहा कि इतना कष्ट कभी नहीं हुआ था जितना आज राजनैतिक पिता को खोने का हो रहा है। आज समाजवाद के एक युग का अंत हुआ है। वहीं, पूर्व मंत्री और वरिष्ठ समाजवादी नेता अरविंद सिंह गोप नेताजी के निधन से इतना दुखी हुए की फूट-फूटकर रो पड़े। उन्‍होंने नेताजी को याद करते हुए कहा कि अब हमें मुलायम सिंह जैसा विराट हदृय वाला नेता नहीं मिलेगा। उनका जाना हम सभी के लिए अपूरणीय क्षति है।

प्रियंका गांधी ने जताया शोक

उधर, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा- भारतीय राजनीति में सामाजिक न्याय के सशक्त पैरोकार के रूप में मुलायम का अतुलनीय योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी की बेटी और प्रतापगढ़ के रामपुर से विधायक आराधना मिश्रा उर्फ मोना ने नेताजी के निधन पर दु:ख जताया। उन्होंने कहा कि आज एक युग का अंत हुआ है। वहीं, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस यूपी के संयोजक/ प्रवक्‍ता अंशु अवस्‍थी ने कहा, उनकी रिक्तता भारतीय राजनीति में खलेगी। उन्होंने विभिन्न पदों पर चाहे वह नेता विरोधी दल रहे हों या मुख्यमंत्री उन्होंने सदैव विपक्षी नेताओं और पार्टी का लोकतंत्र में सम्मान किया और बात सुनी। ऐसे नेता का जाना बहुत दुःखद, हम नेता जी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।

योगी सरकार के मंत्रियों ने कहा- हम सभी दु:खी हैं

योगी सरकार में मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने भी नेताजी के निधन पर दु:ख जताया। उन्‍होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने धरातल से उठकर राष्ट्रीय स्तर पर समाजवादी पार्टी की पहचान कराई। सभी दलों के नेता उनका सम्मान करते थे। नेताजी सभी को साथ लेकर चलने वाले थे। उनका निधन अपूर्ण क्षति है। मैं नेताजी को विनम्र श्रद्धांजलि देता हूं। इसके अलावा मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि आज बहुत दु:ख का विषय है। उत्तर प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रहे समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव जी हमारे बीच नहीं रहे। अपने कार्यकाल में बोल्डर सक्षम निर्णय लेना उनकी पहचान थी। ऐसे व्यक्ति का जाना उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिए नहीं बल्कि देश की राजनीति के लिए एक दुखद अध्याय है। शत-शत नमन करता हूं, उनके चरणों में विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

 

मंत्री एके शर्मा ने भी जताया शोक

मुलायम सिंह यादव के निधन पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने भी शोक जताया है। उन्‍होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव का निधन हम सभी के लिए दुखद समाचार है। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति मिले और उनके परिवार, पार्टी के लोगों व समर्थकों को इस दु:ख की घड़ी में सांत्‍वना है। नेताजी के जाने से उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि देश की राजनीति के लिए भी बहुत बड़ी क्षति है। मैं आशा करता हूं कि उनके परिवारजन इस दु:ख की घड़ी में अपना धैर्य और धीर बनाए रखेंगे, हम सभी उनके साथ हैं।

मुलायम सिंह ने हर वर्ग के लिए किया काम : यासूब अब्‍बास

ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के जनरल सेक्रेटरी व वरिष्ठ शिया धर्मगुरु मौलाना यासूब अब्बास ने पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्‍होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव जी ने हर वर्ग के लोगों के लिए काम किया, इसीलिए वो सबके लोकप्रिय थे। आपके द्वारा देश और प्रदेश में किये गए कार्यों को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

जन जनवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय चौहान ने मुलायम सिंह के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। अधिकार सेना के संरक्षक व पूर्व आइपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने भी उनके निधन पर शोक व्‍यक्‍त किया है। उन्‍होंने कहा कि मुलायम सिंह के सत्ता और विपक्ष में रहने के दौरान एक अफसर के रूप में उनके साथ कार्य करने के अपने अनुभव के आधार पर मैं यह कह सकता हूं कि वे लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अप्रतिम आस्था रखने और अपने कार्यकर्ताओं में निरंतर संघर्षरत रहने की भावना उत्पन्न करने वाले एक अद्भुत नेता थे।

 

यूपी में तीन दिन का राजकीय शोक

गौरतलब है कि मुलायम को दो अक्टूबर को ऑक्सीजन लेवल कम होने के बाद आईसीयू में शिफ्ट किया गया था। उन्हें यूरिन में इन्फेक्शन के साथ ही ब्लड प्रेशर की परेशानी बढ़ गई थी। बाद में उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया गया था। उनके निधन की खबर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मेदांता पहुंचे। वहीं, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी पहुंचेंगे। इसके अलावा उत्‍तर प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित कर दिया गया है।

Follow Us
Show More

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: